Samajwadi Party Women Protest Lucknow : लखनऊ में अखिलेश यादव पर विवादित टिप्पणी को लेकर सपा महिला प्रकोष्ठ ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सियासी घमासान तेज होते दिख रहा है। समाजवादी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया। बुधवार को लखनऊ में सपा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने ओम प्रकाश राजभर का पुतला फूंका। प्रदर्शन में किन्नर समाज के लोग भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गलत टिप्पणी की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी टिप्पणियां जारी रहीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सपा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहा, 'हमारे अखिलेश यादव पर अगर इसके बाद भी गलत टिप्पणी की तो इससे बड़ा आंदोलन होगा। मैं राजभर भाइयों को बता देना चाहती हूं कि यह राजभर का नेता नहीं है, यह वोट बेचने वाला है। इसने हमारे अखिलेश यादव पर गलत टिप्पणी की है।'
एक प्रदर्शनकारी महिला ने कहा, 'भाजपा के लोगों ने हमेशा महिलाओं की आवाज को दबाने का काम किया है। हम 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनाएंगे और योगी जी की लखनऊ से गोरखपुर विदाई करेंगे।'
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, 'ओम प्रकाश राजभर गलत टिप्पणी कर रहे हैं। अगर वह हमारे अखिलेश भैया के बारे में कुछ कहेंगे तो ऐसा ही होगा। भाजपा सरकार उन्हें अपने पास से भगाएगी।'
समाजवादी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ ने ओम प्रकाश राजभर के उस बयान को लेकर प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखी और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को लेकर महिलाओं के सम्मान और उनके व्यक्तिगत आचरण से जुड़ी ऐसी बात कही थी, जिसे सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के चरित्र पर हमला और अपमानजनक बताया। सपा नेताओं का आरोप है कि राजभर का यह बयान राजनीतिक शिष्टाचार की सीमा लांघकर व्यक्तिगत स्तर पर गया, जिसके विरोध में उन्होंने लखनऊ में उनका पुतला फूंका और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
पुतला फूंके जाने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच छीना-झपटी हुई। पुलिस ने कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ था, लेकिन पुतला जलाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि ओम प्रकाश राजभर का बयान उनके सम्मान और पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के व्यक्तित्व पर हमला है। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
यह घटना 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और भाजपा गठबंधन की रणनीति को लेकर चल रहे सियासी घमासान को और बढ़ा रही है। ओम प्रकाश राजभर सुभासपा के अध्यक्ष हैं और वर्तमान में योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।