
Agniveer Bharti 2026: सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में अग्निवीर भर्ती रैलियों का सिलसिला 17 अगस्त, 2026 से शुरू होने जा रहा है। भर्ती अभियान की शुरुआत मेरठ से होगी। इसके बाद बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा और अयोध्या में भर्ती रैलियां आयोजित की जाएंगी। यह अभियान अगले साल 14 अप्रैल, 2027 तक चलेगा। अग्निवीर भर्ती रैलियों की तैयारियों को लेकर सोमवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में इन रैलियों की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक की गई जिसमें संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने बैठक में बताया कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश-भर से भारी संख्या में युवाओं के शामिल होने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ सभी जरूरी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर लें ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को कोई परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार छह जिलों में रैलियों का पूरा शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भर्ती स्थलों पर युवाओं के आने-जाने, ठहरने, पीने के पानी, साफ-सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़-प्रबंधन और यातायात की विशेष व्यवस्था की जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा को सबसे ऊपर रखा जाए। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। भर्ती के दौरान कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
भर्ती रैलियों में बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने को देखते हुए अधिकारियों की अहम बैठक भी हुई। इस समीक्षा बैठक में सचिव सामान्य प्रशासन अभिषेक प्रकाश और लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा समेत भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेरठ, बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा और अयोध्या के जिलाधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए और अपनी-अपनी तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।