
आकाश आनंद के राहुल गांधी को ‘अंकल’ कहने वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार। फोटो-पत्रिका न्यूज
UP Politics: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की राहुल गांधी को ‘अंकल’ कहने वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने आकाश आनंद पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल उम्र कम होने से कोई युवाओं और छात्रों का नेता नहीं बन जाता। इसके लिए उनके मुद्दों को उठाना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना जरूरी है।
अंशु अवस्थी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि अगर आकाश आनंद खुद को युवाओं और छात्रों का नेता मानते हैं, तो उन्हें पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों-युवाओं पर कथित लाठीचार्ज व गोली चलाए जाने जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर आकाश आनंद की ओर से चुप्पी साधी जाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की राजनीति केवल उम्र के आधार पर तय नहीं होती, बल्कि उनके सवालों को उठाने और उनके लिए संघर्ष करने से नेतृत्व साबित होता है।
अंशु अवस्थी ने संविधान को लेकर आकाश आनंद की टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि BSP लंबे समय से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के विचारों को अपनी राजनीति का आधार बताती रही है। ऐसे में बाबा साहब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को लेकर अपमानजनक टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान का अपमान नहीं किया जाना चाहिए और राहुल गांधी व कांग्रेस के बहाने संविधान को भी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब भाजपा पर संविधान बदलने की कोशिश के आरोप लगे, तब कांग्रेस ने इसके खिलाफ आवाज उठाई। अंशु अवस्थी ने आकाश आनंद से सवाल किया कि अगर वह भी BJP पर संविधान बदलने का आरोप लगाने वालों की तरह ही बात कर रहे हैं, तो फिर BSP और BJP के बीच अंतर क्या रह जाता है।
अंशु अवस्थी ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन संविधान और उसके मूल्यों का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आकाश आनंद पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के वास्तविक मुद्दों से दूरी बनाकर केवल राहुल गांधी और कांग्रेस पर टिप्पणी करने से कोई युवा नेतृत्व स्थापित नहीं होता।
दरअसल, बसपा नेता आकाश आनंद ने हाल ही में राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दोनों को ‘अंकल’ बताया था। उन्होंने कहा था कि दोनों अब युवाओं के नेता नहीं रह गए हैं। इसी टिप्पणी और संविधान को लेकर उनके बयान पर कांग्रेस की ओर से यह प्रतिक्रिया सामने आई है।
Updated on:
11 Aug 2026 01:06 pm
Published on:
11 Aug 2026 01:06 pm
