
उत्तर प्रदेश में हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार (UP Cabinet expansion) हुआ है। योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों का अभी बंटवारा नहीं हुआ है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party President Akhilesh Yadav) ने योगी सरकार पर हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- उत्तर प्रदेश में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की 'पर्ची' भी ऊपर से आएगी? मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ ये है कि मंत्रालय-विभाग की 'कमीशन-कमाई' के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं, वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन, बाकी सब मंत्रियों को 'डब्बा' कर देता है। यूपी की जनता ने ठाना है कि नए मंत्रियों को जो भी मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी। जिससे ये नए-नवेले मंत्रीगण अपने खजाने न भर सकें। इस बात के लिए कागजी प्रमाण के साथ-साथ और भी ऑडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किए जाएंगे। इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी।
अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी, क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने के बाकी सारे विभाग तो भ्रष्ट भाजपा ने बर्बाद कर ही दिए हैं। जनता को लगता है कि अब सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म के माध्यम से ही उनको न्याय मिल सकता है। भाजपा सरकार जानती है कि ये आखिरी बार है, जब वो सत्ता में हैं। इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों को उनके गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी। बता दें कि दिल्ली में वरिष्ठ बीजेपी नेताओं से सीएम योगी आदित्यनाथ की मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने तंज कसा है।
CM योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। सीएम योगी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इसकी जानकारी दी। सीएम ने मुलाकात की तस्वीरें 'X' पर शेयर की हैं। सीएम ने लिखा- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार।
CM योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद तस्वीरें 'X' पर शेयर की हैं। उन्होंने लिखा- नितिन नवीन जी, से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार।