लखनऊ

‘सत्ता हथियाने के लिए बेताब हैं राहुल गांधी’, मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा बयान, आजम खान से ED की पूछताछ पर कही ये बात

UP Minister Jaiveer Singh: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामलों में जेल में बंद आजम खान से ED की पूछताछ पर उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दि है। जानिए आखिर उन्होंने क्या कहा।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
UP Minister Jaiveer Singh, Rahul Gandhi, Azam Khan, ED Probe, Jauhar University, UP Politics, BJP vs Congress, UP News
उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने राहुल गांधी और आजम खान से ED की पूछताछ पर दिया बयान (PC: IANS)

UP Minister Jaiveer Singh Statement: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनके निशाने पर सिर्फ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान भी हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने राहुल गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और आजम खान से जुड़े जौहर विश्वविद्यालय मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच को लेकर अपनी बेबाक राय रखी है। आइए विस्तार से जानते हैं जयवीर सिंह ने क्या कुछ कहा।

'सत्ता के लिए बेताब हैं राहुल गांधी'

राहुल गांधी को लेकर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि, "वह सत्ता में आने के लिए बहुत बेताब हैं, उन्हें बहुत जल्दी है। जयवीर सिंह ने नसीहत देते हुए कहा कि राहुल गांधी को देश और गरीबों की सेवा करनी चाहिए। अगर वह निस्वार्थ भाव से देश की सेवा करेंगे तो आज नहीं तो कल देश की जनता का मूड बदल सकता है और जनादेश उनके पक्ष में आ सकता है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को सकारात्मक काम करना चाहिए लेकिन उन्हें इतनी ज्यादा जल्दी है कि देश उन्हें लगातार नकार रहा है। वह किसी भी तरह जबरन सत्ता हथियाने और मौजूदा सरकार को हटाने के लिए छटपटा रहे हैं।" मंत्री ने दावा किया कि लंबे समय से देश और प्रदेश की जनता का पूरा आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बना हुआ है।

आजम खान से ED की पूछताछ पर क्या बोले मंत्री?

सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं, जौहर विश्वविद्यालय और जौहर ट्रस्ट मामले में जेल में बंद आजम खान से ED की पूछताछ पर भी जयवीर सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। जब उनसे आजम खान पर हो रही कार्रवाई के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय को लेकर जांच लगातार जारी है। इस मामले में दानदाताओं से भी पूछताछ की गई है, जिसमें कई वित्तीय गड़बड़ियां सामने आई हैं। मंत्री ने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं के इसी सिलसिले में लंबे समय से कई लोगों से पूछताछ चल रही है और अब ED आजम खान साहब से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह पूरी तरह से एक कानूनी-प्रक्रिया है जिसके तहत जांच एजेंसी अपना काम कर रही है। ईडी अपना काम कर रही है और इसका राजनीति से कोई भी लेना-देना नहीं है।

बता दें कि जौहर ट्रस्ट मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) आज यानी मंगलवार को सपा नेता आजम खां से पूछताछ करेगी। इसके लिए ED की चार सदस्यीय टीम रामपुर जेल भेजी गई है। जांच एजेंसी इससे पहले आजम खां के करीबियों, ठेकेदारों, फर्म संचालकों और सपा विधायक नसीर अहमद खां से पूछताछ कर चुकी है। इन लोगों के बयानों का आजम खां से मिलान किया जाएगा। ईडी उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।

ईडी की पूछताछ में जौहर ट्रस्ट के फैसलों में आजम खां की भूमिका, जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी विभागों के बजट से कराए गए निर्माण कार्य और डमी ट्रस्टियों व फर्जी दानदाताओं से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं। जांच एजेंसी पहले ही इस मामले में कई करीबियों के बयान दर्ज कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ बुधवार तक भी जारी रह सकती है। इसके बाद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम से भी सवाल-जवाब किए जाने की तैयारी है।