लखनऊ

भाजपा बौखलाहट में है और अनाप-शनाप बयान दे रही है: कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय

UP Politics: कांग्रेस अध्यक्ष अजय ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा बौखलाहट में है और अनाप-शनाप बयान दे रही है।
2 min read
Sep 11, 2025
UP Congress President Ajay Rai
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। PC: IANS

UP Politics: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ में पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया गया। यह कार्रवाई तब हुई जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी।

वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध

कांग्रेस का दावा है कि यह विरोध कथित वोट चोरी के मुद्दे पर था, जिसे लेकर पार्टी केंद्र और राज्य सरकार पर लगातार हमलावर रही है। अजय राय ने कहा, '' जो लड़ाई हमारे नेता राहुल गांधी ने शुरू की, उसे कोई रोक नहीं पाएगा। पुलिस भेजकर हमें रोकना, कार्यकर्ताओं की आवाज दबाना, यह ठीक नहीं है।''

कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश

उन्होंने कहा कि पुलिस कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हर पार्टी कार्यकर्ता इसका जवाब देगा। अजय राय ने कहा कि अगर उनका इरादा व्यक्तिगत रूप से PM मोदी का विरोध करना होता, तो वे वाराणसी में होते, ना कि लखनऊ में होते।

इसके अलावा, वाराणसी और आसपास के इलाकों में लगभग 200 कांग्रेसी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि उनके विरोध को रोका जा सके। यूपी कांग्रेस चीफ ने कहा, ''मेरा कार्यक्रम मछलीशहर में था। मैंने कार्यकर्ताओं से कहा था कि वोट चोरी का मुद्दा उठाया जाए। हम लोगों का कर्तव्य बनता है कि हम उनका विरोध करें।'' अजय राय ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे पर कहा कि मैं उनका स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं। काशी की पवित्र भूमि पर उनका स्वागत है।

बौखलाहट में भाजपा: अजय राय

भाजपा की ओर से राहुल गांधी पर दिए बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा बौखलाहट में है और अनाप-शनाप बयान दे रही है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में वोटर अधिकार यात्रा की गूंज सुनाई पड़ रही है, कांग्रेस इस अभियान को जन-जन तक ले जाएगी।

Updated on:
11 Sept 2025 05:42 pm
Published on:
11 Sept 2025 05:42 pm