26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘राहुल गांधी-अखिलेश यादव नहीं चाहते पिछड़ा वर्ग आगे बढ़े’, मंत्री संजय निषाद बोले- धर्मेंद्र प्रधान का विरोध असल में पिछड़ों का विरोध

Sanjay Nishad Targets Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष पिछड़े वर्ग के नेताओं को निशाना बना रहा है। उन्होंने प्रह्लाद जोशी को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं, अयोध्या चढ़ावा मामले में नई एसआईटी के गठन का समर्थन किया और पेपर लीक व शिक्षा माफिया के मुद्दे पर विधानसभा में खुली चर्चा की वकालत की।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

Jul 26, 2026

sanjay nishad targets rahul gandhi and akhilesh yadav on dharmendra pradhan resignation

धर्मेंद्र प्रधान (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Sanjay Nishad Targets Rahul Gandhi:उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभालने पर प्रह्लाद जोशी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी में वे प्रभावी ढंग से काम करेंगे और देश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राहुल गांधी को घेरा

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग पर संजय निषाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य पिछड़े वर्ग के नेताओं को निशाना बनाना है। निषाद ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान पिछड़े वर्ग से आते हैं और इसी वजह से विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे की मांग करता रहा।

'पेपर लीक पर चर्चा से बच रहा विपक्ष'

संजय निषाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहते। उनका दावा है कि विपक्ष को इस बात का डर है कि बहस के दौरान उनकी पार्टी की भूमिका पर सवाल उठ सकते हैं।

अयोध्या चढ़ावा मामले में नई SIT पर क्या बोले?

अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नई SIT गठित किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्देशों के अनुरूप नई SIT का गठन किया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।

नकल माफिया पर CM योगी के बयान का किया समर्थन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान का समर्थन करते हुए, जिसमें उन्होंने नकल माफिया को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की देन बताया था, संजय निषाद ने कहा कि इस मुद्दे पर विधानसभा में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। उनका कहना था कि सदन में बहस होने पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि नकल माफिया, पेपर माफिया, सेंटर माफिया और शिक्षा माफिया को किस सरकार के दौरान संरक्षण मिला और किसके शासन में उनका नेटवर्क मजबूत हुआ।

'विपक्ष सड़क पर राजनीति कर रहा है'

संजय निषाद ने आरोप लगाया कि विपक्ष विधानसभा में चर्चा करने के बजाय सड़क पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले माफियाओं के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे तत्वों पर शिकंजा कसने का काम जारी है।

अखिलेश यादव के बयान पर भी साधा निशाना

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पिछड़े वर्ग के नेताओं को हटाना है। उन्होंने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान पर कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं था और उनके पास लंबे समय का प्रशासनिक अनुभव है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

'पिछड़ों के नाम पर राजनीति करती है विपक्ष'

संजय निषाद ने आरोप लगाया कि विपक्ष पिछड़े वर्गों के नाम पर राजनीति करता है, लेकिन उन्हें नेतृत्व की भूमिका में स्वीकार नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वंचित और पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार अवसर दे रहे हैं, जबकि विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।