26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कांवड़ यात्रा पर सरकार का मेगा प्लान, हर रूट पर दौड़ेंगी स्पेशल बसें, कंट्रोल रूम करेगा 24 घंटे निगरानी

Kanwar Yatra 2026: यूपी सरकार ने कांवड़ यात्रा 2026 के लिए बड़ी तैयारी की है। श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और निगरानी के लिए 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

Jul 26, 2026

kanwar yatra up extra bus service control room lucknow news

Kanwar Yatra ( photo - ani )

Kanwar Yatra UP 2026:उत्तर प्रदेशसरकार ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों के संचालन से लेकर निगरानी व्यवस्था तक कई अहम फैसले लिए हैं।

कांवड़ियों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा।

इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित प्रमुख धार्मिक मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।

हर क्षेत्रीय मुख्यालय पर बनेगा 24×7 कंट्रोल रूम

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे सक्रिय रहने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यह कंट्रोल रूम कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर उसके समापन तक लगातार कार्य करेगा और सभी गतिविधियों की निगरानी के साथ उनका रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाएगा।

बस स्टेशनों पर बढ़ाई जाएंगी यात्री सुविधाएं

कांवड़ मार्ग पर स्थित बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्टेशनों पर-

-स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था

-साफ-सुथरे शौचालय

-पर्याप्त बैठने की सुविधा

-नियमित साफ-सफाई

-पूछताछ केंद्र

-ध्वनि प्रसारण प्रणाली

-खान-पान के स्टॉल

सुचारु रूप से संचालित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा के लिए बस चालकों पर रहेगी विशेष निगरानी

यात्रा के दौरान सभी बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक चालक का अनिवार्य रूप से ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

पुलिस और प्रशासन के साथ रहेगा समन्वय

क्षेत्रीय प्रबंधकों को मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाओं का पालन कराया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

रूट डायवर्जन की जानकारी तुरंत होगी साझा

जिला प्रशासन द्वारा जारी रूट डायवर्जन प्लान की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक तुरंत पहुंचाने के लिए व्हॉट्सएप ग्रुप, दूरभाष और अन्य संचार माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य बस संचालन को बिना किसी बाधा के जारी रखना है।

श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्ण व्यवहार के निर्देश

परिवहन मंत्री ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि निगम की बसों के कारण कांवड़ यात्रा किसी भी स्थिति में बाधित न हो।

वैकल्पिक मार्गों पर चलेगी बस सेवा

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन द्वारा तय किए गए वैकल्पिक मार्गों पर ही बसों का संचालन कराया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रा और सामान्य यातायात दोनों सुचारु रूप से चलते रहें।