
Yogi Adityanath Muharram Guidelines: उत्तर प्रदेश में आने वाले त्योहारों और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद कड़ा रुख अपना लिया है। मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई एक बैठक में सीएम योगी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों की आड़ में किसी भी तरह की गुंडागर्दी, हुड़दंग या आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासकर मुहर्रम को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मातम और अपनी आस्था को याद करने का समय है, न कि अपनी ताकत या शक्ति का प्रदर्शन करने का। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि मुहर्रम के समय सालों से चली आ रही पुरानी मर्यादाओं और परंपराओं का ही पालन करना होगा, किसी भी तरह की नई शुरुआत करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने ताजिया की ऊंचाई भी तय कर दी गई है, जिसमें अब 10 से 12 फीट से ऊंचे ताजिया रखने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही जुलूस या किसी भी कार्यक्रम के दौरान तलवार, लाठी या किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। माहौल को शांत रखने के लिए तेज आवाज के डीजे और ढोल-ताशों को भी पूरी तरह रोक दिया गया है। सीएम ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय कमेटियों से पहले ही बातचीत कर लें, जिससे कि आपसी तालमेल से सब कुछ शांतिपूर्वक पूरा हो सके।
इस बैठक में 21 जून को होने वाले 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस साल यह दिन 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम के साथ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य कार्यक्रम का पूरे यूपी में लाइव टेलीकास्ट किया जाए। यूपी की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों और 762 शहरी निकायों में इसका बड़ा आयोजन होगा। इसके अलावा शहरों के 14 हजार वार्डों, ऐतिहासिक-सांस्कृतिक स्थलों और अमृत सरोवरों के किनारे भी लोग मिलकर सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस आयोजन से एक दिन पहले यानी 20 जून को सभी स्कूलों और कॉलेजों में एक विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
त्योहारों की तैयारियों के अलावा सीएम योगी ने जनता की शिकायतों को सुनने और उनका निपटारा करने में ढिलाई बरतने वाले कुछ जिलों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जहां भी काम की स्थिति संतोषजनक नहीं है, वे अधिकारी तुरंत अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, वरना उनकी सीधी जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिन जिलों में स्वास्थ्य CMO के पद खाली चल रहे हैं, वहां योग्यता के आधार पर अगले तीन दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से नई तैनाती करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि हर किसी को अपना त्योहार मनाने का हक है, लेकिन हर पर्व का अपना महत्व होता है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम मातम का त्योहार है, इसलिए सीएम ने अपील की है कि मातम को उसकी रीति के अनुसार ही मनाएं। त्योहार मनाने से समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ना चाहिए और इससे किसी दूसरे पर कोई गलत प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।