महासमुंद

खेत में धान, रिकॉर्ड में धनिया! सर्वेयर की एक गलती से महासमुंद के किसान की खरीदी अटकी

Paddy Procurement 2026: महासमुंद के हिच्छा गांव में किसान ने खेत में धान बोया, लेकिन डिजिटल क्रॉप सर्वे में धनिया दर्ज हो गया। रिकॉर्ड की गलती से किसान की धान खरीदी अटक गई।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 3:04 PM IST
Digital Crop Survey
सरकारी रिकॉर्ड में बदली फसल (Photo Source- AI Generate)

Digital Crop Survey: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही सरकारी रिकॉर्ड में गड़बड़ी का एक मामला सामने आया है। महासमुंद जिले में एक किसान ने अपने खेत में धान की फसल लगाई, लेकिन डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के दौरान सरकारी रिकॉर्ड में धान की जगह धनिया दर्ज कर दिया गया। अब इस गलती का खामियाजा किसान को भुगतना पड़ रहा है। रिकॉर्ड में धान दर्ज नहीं होने के कारण किसान अपनी उपज धान खरीदी केंद्र में नहीं बेच पा रहा है।

मामला बागबाहरा तहसील के ग्राम हिच्छा का है। यहां किसान भोलाराम साहू ने अपने खेत में धान की फसल बोई है, लेकिन सरकारी अभिलेखों में उनकी फसल धनिया दर्ज हो गई। रिकॉर्ड में सुधार कराने के लिए किसान परिवार को तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, जब तक राजस्व रिकॉर्ड में सुधार नहीं होता, तब तक किसान का धान खरीदी के लिए टोकन भी नहीं कट पाएगा।

Farmer News: खेत में धान की फसल, ऑनलाइन रिकॉर्ड में धनिया

ग्रामीणों के मुताबिक, किसान भोलाराम साहू ने अपने खेत में धान की फसल लगाई थी। इसके बाद डिजिटल क्रॉप सर्वे यानी डीसीएस के तहत फसलों का सर्वे किया गया। इस दौरान सर्वेयर ने किसान के खेत में लगी धान की फसल को ऑनलाइन रिकॉर्ड में धनिया दर्ज कर दिया। हैरानी की बात यह है कि धान खरीफ सीजन की फसल है, जबकि धनिया आमतौर पर रबी सीजन में बोया जाता है। इसके बावजूद खरीफ गिरदावरी के रिकॉर्ड में धनिया दर्ज कर दिया गया। अब सरकारी दस्तावेजों में फसल की गलत जानकारी होने से किसान को अपनी ही उपज बेचने में परेशानी हो रही है।

सर्वेयर की गलती का खामियाजा भुगत रहा किसान

किसान के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि सरकारी रिकॉर्ड में धान की जगह दूसरी फसल दर्ज होने के कारण खरीदी केंद्र में उसकी उपज की बिक्री अटक गई है। किसान जब धान बेचने के लिए समिति पहुंचा, तब उसे पता चला कि राजस्व रिकॉर्ड में उसके खेत में धान नहीं, बल्कि दूसरी फसल दर्ज है। ऐसे में किसान अब रिकॉर्ड में सुधार कराने के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहा है। किसान परिवार की चिंता यह है कि समय पर रिकॉर्ड ठीक नहीं हुआ तो धान बेचने में परेशानी हो सकती है।

धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखने का दिया तर्क

इस मामले में ग्राम हिच्छा की पटवारी अलका यदु ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम सर्वेयर करते हैं। उनके मुताबिक, धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखाई देते हैं। संभव है कि इसी वजह से सर्वेयर से गलती हुई हो। पटवारी ने यह भी बताया कि सर्वेयर की ओर से ऑनलाइन रिकॉर्ड में जो फसल दर्ज की गई थी, उसे राजस्व स्तर पर अप्रूव कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि वे हड़ताल पर नहीं होतीं तो अब तक रिकॉर्ड में सुधार हो गया होता। फिलहाल त्रुटि सुधारने के लिए तहसीलदार स्तर से कार्रवाई करनी होगी।

भौतिक सत्यापन के बिना कैसे हुआ अप्रूवल?

इस पूरे मामले ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया और उसकी निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब खेत में धान की फसल लगी थी तो सर्वे के दौरान धनिया कैसे दर्ज हो गया? इससे भी बड़ा सवाल यह है कि फसल का भौतिक सत्यापन किए बिना रिकॉर्ड को अप्रूव कैसे कर दिया गया? डिजिटल सर्वे का उद्देश्य खेतों में बोई गई फसलों का सही रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं और फसल खरीदी का लाभ मिल सके। लेकिन इस तरह की गलतियां होने पर किसान को ही परेशानी उठानी पड़ रही है।

रिकॉर्ड सुधरने के बाद ही कटेगा धान खरीदी का टोकन

खट्टी के समिति प्रबंधक कौशल साहू ने बताया कि किसान जब धान बेचने के लिए समिति पहुंचे थे, तब रिकॉर्ड में धान की जगह दूसरी फसल दर्ज होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में सुधार होने के बाद ही किसान का धान खरीदी के लिए टोकन कट सकेगा। फिलहाल किसान भोलाराम साहू को रिकॉर्ड सुधार का इंतजार है। एक तरफ खेत में धान की फसल तैयार है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी दस्तावेजों में गलत जानकारी दर्ज होने से उसकी बिक्री अटकी हुई है। अब देखना होगा कि तहसीलदार स्तर पर इस गलती को कितनी जल्दी सुधारा जाता है और किसान को कब तक धान बेचने का मौका मिल पाता है।

Updated on:
17 Nov 2026, 3:04 PM IST
Published on: