
LPG Crisis: महासमुंद जिले की गैस एजेंसियों में इन दिनों सर्वर डाउन की समस्या से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर बार-बार ठप होने के कारण गैस बुकिंग और पर्ची जारी करने का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं मिसकॉल के बाद कई उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर नहीं मिलने से सिलेंडर की होम डिलीवरी भी अटक गई है।
सिलेंडर खत्म होने पर उपभोक्ता जब एजेंसी पहुंचते हैं तो अक्सर सर्वर बंद मिल रहा है। इससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। पर्ची कटने के बाद ही अगले दिन सिलेंडर वितरण किया जाता है। पिछले चार-पांच दिनों से उपभोक्ताओं को लगातार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शुक्रवार को बरोंडाचौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही।
सिलेंडर लेने के लिए 150 से अधिक लोग पहुंचे थे। हालांकि,सभी को सिलेंडर मिल गया, लेकिन कई लोग सुबह छह बजे से ही लाइन में खड़े थे। बिना पर्ची कटाए कतार में लगने वाले उपभोक्ताओं को दोहरी परेशानी उठानी पड़ रही है। गैस एजेंसी के अनुसार सर्वर की समस्या लगातार बनी हुई है। कभी सर्वर सामान्य रूप से काम करता है तो कभी पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे पर्ची जारी करने का कार्य प्रभावित होता है।
नए गैस कनेक्शन की मांग भी बढ़ रही है, लेकिन फिलहाल कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। जिन परिवारों में हाल ही में विवाह हुआ है, वे नए कनेक्शन के लिए एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं पहले से उपयोग में लिए जा रहे सिलेंडरों को नियमित कराने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी हो रही है। नामांतरण और अन्य जरूरी कार्यों में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शनों का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो चुका है। अब नए लक्ष्य मिलने का इंतजार किया जा रहा है। लक्ष्य प्राप्त होने के बाद लंबित आवेदकों को गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। हालांकि सिलेंडरों की उपलब्धता को देखते हुए लोगों को कुछ समय और इंतजार करना पड़ सकता है। प्रभारी खाद्य अधिकारी तेजपाल सिंह ने बताया कि वर्तमान में नया लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। लक्ष्य मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।