
Mahasamund News: महासमुंद जिले के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास का बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा 8 जून को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), महासमुंद द्वारा 8 जून को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला प्रात: 9 बजे से आईटीआई परिसर, लभराखुर्द बीज निगम के पास, महासमुन्द में आयोजित होगा।
प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि अप्रेंटिसशिप के अंतर्गत अधिक से अधिक उद्योग एवं प्रतिष्ठानों को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे युवाओं को उद्योगों में प्रशिक्षण एवं रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
अप्रेंटिसशिप मेले में समस्त उद्योग, प्रतिष्ठान एवं निजी संस्थान अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट उपलब्ध कराने के लिए सम्मिलित हो सकते हैं। वहीं आईटीआई उत्तीर्ण एवं अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवा समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ 8 जून को प्रात: 10 बजे से आईटीआई परिसर में उपस्थित होकर मेले में सहभागिता कर सकते हैं।
मेले के दौरान प्रशिक्षणार्थियों एवं औद्योगिक-प्रतिष्ठानों के लिए राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर स्पॉट पंजीयन की विशेष सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे अभ्यर्थियों एवं नियोजकों को मौके पर ही पंजीयन और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, महासमुंद से संपर्क कर सकते हैं।