महोबा

‘पापा ने ही मम्मी को मारा’, पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या, 5 साल के बेटे की गवाही से खुला गर्भवती मां की हत्या का राज

Mahoba News: महोबा में शराब के नशे में पति ने 8 माह की गर्भवती पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। 5 साल के बेटे की गवाही से मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Jul 26, 2026
Ghaziabad Murder Case
धारदार हंसिया से पत्नी की कर दी हत्या (X Photo)

Mahoba Murder Case: उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 5 साल के बच्चे की गवाही ने अपनी ही मां की हत्या के मामले का सच सामने ला दिया। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बिजरारी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी 8 माह की गर्भवती पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के समय उसके दो छोटे बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हनीफ मंसूरी शराब और जुए का आदी था। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वह अपनी चार बीघा जमीन में से ढाई बीघा जमीन पहले ही बेच चुका था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात हनीफ नशे की हालत में घर पहुंचा था। पत्नी मनीषा ने जब उसे शराब पीने से रोका तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में हनीफ ने घर में रखी धारदार हंसिया से पत्नी पर हमला कर दिया।

बेटा बोला- पापा ने ही मम्मी को मारा है

पुलिस ने बताया कि मनीषा 8 माह की गर्भवती थी। वारदात के दौरान उसका 5 साल का बेटा फैजान और 2 साल की बेटी भी मौके पर मौजूद थे। मां की हत्या अपनी आंखों के सामने देखने के बाद फैजान डर गया। पुलिस पूछताछ में बेटे फैजान ने बताया कि पापा ने ही मम्मी को मारा है।

मासूम की गवाही से खुला हत्या का राज

हत्या के बाद आरोपी हनीफ ने खुद पुलिस को फोन किया और मामले को अलग तरीके से बताने की कोशिश की। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की पूछताछ और बेटे फैजान के बयान से पूरा मामला साफ हो गया। पनवाड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने मामले की जांच करते हुए आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पिता ने सजा की मांग की

मृतका के परिजनों का कहना है कि हनीफ का स्वभाव काफी शक करने वाला था। परिवार वालों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं आरोपी के पिता सुलेमान ने भी अपने बेटे को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना करने वाले को सजा मिलनी चाहिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Updated on:
26 Jul 2026 09:07 pm
Published on:
26 Jul 2026 09:07 pm