मंडला

Mandla News: क्लर्क के घर EOW की रेड, अब तक 2.48 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा

EOW Raid: वन विभाग के क्लर्क के पास अनुपातहीन संपत्ति होने का खुलासा, करीब 20 साल पहले क्लर्क श्वेतांक चौरसिया को मिली थी अनुकंपा नियुक्ति।
2 min read
Aug 12, 2026
eow raid
eow raid clerk disproportionate assets 2 crore 48 lakhs, क्लर्क श्वेतांक चौरसिया व उनका मकान (Source-patrika)

Mandla EOW Raid: मध्यप्रदेश के मंडला में वन विभाग में पदस्थ क्लर्क श्वेतांक चौरसिया के पास अब तक 2.48 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। श्वेतांक चौरसिया के मंडला स्थित मकान पर बुधवार सुबह छापा मारा। जबलपुर EOW की 14 सदस्यीय टीम ने छापा मारते हुए जांच शुरु की तो एक-एक कर क्लर्क श्वेतांक चौरसिया की काली कमाई उजागर होने लगी। अभी तक हुई कार्रवाई में कुल मिलाकर 2.48 करोड़ रुपये की संपत्ति श्वेतांक चौरसिया के पास होना पाया गया है जो कि श्वेतांक चौरसिया की व्यय ज्ञात आय से करीब 290% अधिक है।

सुबह 6 बजे EOW ने मारा छापा

ईओडब्ल्यू जबलपुर को क्लर्क श्वेतांक चौरसिया के पास अनुपातहीन संपत्ति होने की शिकायत मिली थी। EOW की जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सुबह 6 बजे EOW की टीम मंडला पहुंची और इंदिरा वार्ड नंबर-2 में स्थित श्वेतांक चौरसिया के घर पर छापा मारा। EOW ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक-0/26 अंतर्गत धारा 13(1)(b), 13(2) भ्र.नि.अ. 1988 संशोधित 2018 पंजीबद्ध किया है। EOW की दो टीमों ने घंटों श्वेतांक चौरसिया की संपत्ति की जांच की है।

क्लर्क के पास क्या-क्या मिला?

श्वेतांक चौरसिया एवं उसके परिजनों के नाम पर अभी तक की गई सर्च कार्यवाही में पाई संपत्तियों की जानकारी निम्नलिखित है-

1- मकान कीमत 1.50 करोड़ रुपये
2- नगद 5.00 लाख रुपये
3- घरेलू सामान की इन्वेन्ट्री- 25 लाख रुपये
4- सोने के आभूषण वजन 85 ग्राम- 13 लाख रुपये
5- चांदी के आभूषण वजन 2.8 किलोग्राम- 06 लाख रुपये
6- एक दुकान- 51.50 लाख रुपये
7- एक फोर व्हीलर- 08 लाख रुपये
8- दो मोटर साइकिल- 1.50 लाख रुपये

इसके साथ ही श्वेतांक चौरसिया एवं परिजन के नाम से विभिन्न बैंक शाखाओं में 5 खाते संचालित हैं। जिनमें जमा राशि की अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। अब तक की कार्यवाही में आरोपी की कुल अनुमानित 2.48 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति उजागर हुई है।

करीब 20 साल पहले लगी थी अनुकंपा नियुक्ति

बताया गया है कि क्लर्क श्वेतांक चौरसिया की करीब 20 साल पहले अनुकंपा नियुक्ति पर वन विभाग में नौकरी लगी थी। जांच में चौरसिया की पत्नी के ब्यूटी पार्लर का भी पता चला है। EOW के अनुसार, इस व्यवसाय की जानकारी कथित तौर पर शासन को नहीं दी गई थी। तलाशी में ब्यूटी पार्लर से संबंधित आयकर रिटर्न, नगर निगम या MSME पंजीयन से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है।

Updated on:
12 Aug 2026 07:17 pm
Published on:
12 Aug 2026 07:16 pm