आंध्रप्रदेश से आ रही किसान रेल पार्सल ट्रेन में सबसे ज्यादा टमाटर दिल्ली एनसीआर में टमाटर का खुदरा भाव पहुंचा 60-80 रुपए किलो
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में टमाटर के दाम में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। टमाटर के खुदरा दाम 80 रुपए किलो के आसपास पहुंच गए हैं। ऐसे में अब राहत की बात यह है कि जल्द ही टमाटर की कीमत में कमी देखने को मिल सकती है। वास्तव में किसान रेल ( Kisan Rail ) के जरिए आंध्रप्रदेश से ताजे फल और सब्जियों में सबसे ज्यादा टमाटर ही हैं। ऐसे में टमाटर की कीमत में गिरावट देखने को मिल सकती है। आपको बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में टमाटर का खुदरा भाव 60-80 रुपए किलो और आजादपुर मंडी में टमाटर का थोक भाव 12-56 रुपए प्रति किलो के आसपास है।
करीब 200 टन कम है टमाटर की आवक
चैंबर्स ऑफ आजादपुर फ्रूट्स एंड वेजिटेबल्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट एमआर कृपलानी के अनुसार बरसात के सीजन में टमाटर समेत अन्य हरी सब्जियों की फसल नष्ट हो जाने के चलते आवक कमजोर है, जिससे कीमतों में तेजी है। टमाटर की आवक आजादपुर मंडी में गुरुवार को 298.6 टन थी, जबकि पिछले साल 10 सितंबर को 506.5 टन। कृपलानी ने मीडिया रिपोर्ट में कहा कि किसान रेल से टमाटर आने पर दाम कितना कम होगा, यह तो आने के बाद ही पता चलेगा, लेकिन उपलब्धता जब बढ़ेगी तो कीमतों में नरमी जरूर आएगी।
आंघ्रप्रदेश से आ रहा है 183.81 टन टमाटर
हालांकि मंडी के एक कारोबारी ने बताया कि इस समय टमाटर आंध्रप्रदेश से ही आ रहा है, इसलिए ट्रेन से आए या ट्रक से आवक तो उतनी ही रहेगी, इसलिए टमाटर के दाम में कोई ज्यादा फर्क पडऩे की उम्मीद नहीं है। बागवानी उत्पादों के लिए चर्चित आंधप्रदेश प्रदेश के सबसे बड़े जिले अनंतपुर से टमाटर, मौसमी, केले, आम, पपीते और अन्य ताजे फल व सब्जियां लेकर रवाना हुई किसान रेल शुक्रवार को दिल्ली के आदर्शनगर पहुंचेगी। इसमें कुल 294.11 टन फल व सब्जियां हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा टमाटर 183.81 टन है, जबकि केला 70 टन, पपीता 2 टन, मौसमी 26.5 टन, आम 2.8 टन और खरबूजा 9 टन है।
कम हो सकते हैं दाम
आजादपुर एपीएमसी के चेयरमैन आदिल अहमद ने मीडिया रिपोर्ट में कहा है कि आंध्रप्रदेश से जो किसान आ रहे हैं उन्हें कोई कठिनाई नहीं हो इसके लिए मंडी में पूरा प्रबंध किया गया है। खान के अनुसारद मंडी में जो ऑक्शन की प्रक्रिया है उसी तरह किसान रेल से भी आने वाले फल व सब्जियों का ऑक्शन होगा और उनको पूरी सुविधा मुहैया करवाने के लिए मैं खुद मंडी में मौजूद रहूंगा। उन्होंने कहा कि सब्जियों की कीमतें, मांग और आपूर्ति पर निर्भर करती हैं, इसलिए एक साथ ज्यादा आवक होने से संभव है कि रेट थोडा कम हों।
जुलाई से ही देखने को मिल रही है कीमतों में तेजी
मंडी में जुलाई से ही तमाम हरी सब्जियों समेत आलू, प्याज और टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। प्याज का थोक भाव 10 रुपए से 25 रुपए प्रति किलो और आलू का 12 रुपए से 51 रुपये प्रति किलो पर आ गया है। सामान्य क्वालिटी का आलू खुदरा में 50 रुपए प्रति किलो से ऊपर बिक रहा है, जबकि बेहतर क्वालिटी के आलू का खुदरा दाम काफी ज्यादा है, इसलिए सभी खुदरा दुकानों पर यह आलू उपलब्ध नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में सब्जियों के खुदरा दाम
| सब्जियां | कीमत ( रुपए प्रति किलो में ) |
| आलू | 50-55 |
| फूलगोभी | 150 |
| बंदगोभी | 60 |
| टमाटर | 60-80 |
| प्याज | 35-45 |
| लौकी | 60 |
| भिंडी | 60 |
| खीरा | 60 |
| कद्दू | 50 |
| बैंगन | 60 |
| शिमला मिर्च | 120 |
| पालक | 80 |
| कच्चा पपीता | 60 |
| कच्चा केला | 50 |
| तोरई | 60 |
| करेला | 60 |
| परवल | 80-100 |
| लोबिया | 80 |