विदेशी बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच धातु और बेसिक मटिरियल्स समूहों में हुई जबरदस्त लिवाली के दम पर गुरुवार को शेयर बाजार में तेजी रही।
नई दिल्ली। विदेशी बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच धातु और बेसिक मटिरियल्स समूहों में हुई जबरदस्त लिवाली के दम पर बीएसई का सेंसेक्स बुधवार की गिरावट से उबरता हुआ गुरुवार को 95.61 अंक की तेजी में 34,427.29 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 39.10 अंक की बढ़त में 10,565.30 अंक पर बंद हुआ। अमरीका और चीन के बीच तनातनी कम होने और दिग्गज कंपनियों के अच्छे परिणाम की उम्मीद में निवेशकों की धारणा में सुधार हआ है। एशियाई बाजारों के तेजी में रहने से सेंसेक्स 71.99 अंक की बढ़त के साथ 34,403.67 अंक पर खुला। पूरे दिन शेयर बाजार में उठापठक रही। कारोबार के दौरान यह 34,478.82 अंक के दिवस के उच्चतम और 34,358.91 अंक के निचले स्तर से होता हुआ बुधवार की तुलना में 0.28 फीसदी की बढ़त में 34,427.29 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 15 कंपनियां हरे निशान में 14 लाल निशान में और एक अपरिवर्तित रही।
95 अंकों की तेजी के साथ खुला निफ्टी
निफ्टी भी 95.61 अंक की तेजी में 10,563.65 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान 10,572.20 अंक के उच्चतम और 10,546.20 अंक के निचले स्तर से होता हुआ यह गत दिवस की तुलना में 0.37 फीसदी की तेजी में 10,565.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 30 कंपनियां हरे निशान में और 20 लाल निशान में रहीं। दिग्गज कंपनियों की तुलना में छोटी और मंझोली कंपनियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। बीएसई का मिडकैप 0.63 फीसदी यानी 105.50 अंक की तेजी में 16,873.55 अंक पर और स्मॉलकैप 0.60 फीसदी यानी 108.69 अंक की बढ़त में 18,174.44 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,817 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 163 के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे जबकि 1,369 में तेजी और 1,285 में गिरावट रही।
विदेशी बाजारों में भी रही तेजी
विदेशी बाजारों में तेजी का रुख रहा। जर्मनी का डैक्स 0.01 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.29 फीसदी की तेजी में खुला। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 0.15 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 1.40, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.25 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.85 फीसदी की तेजी में रहा।बीएसई के 20 समूहों में से छह के सूचकांकों में गिरावट रही। तेल एवं गैस में 1.31 फीसदी, सीडी में 0.86, पीएसयू में 0.37, वित्त में 0.07, ऊर्जा में 0.59 और बैंङ्क्षकग में 0.04 फीसदी की गिरावट रही।धातु समूह के सूचकांक में 4.46 फीसदी की तेजी रही। बेसिक मटिरियल्स में 2.76, सीडीजीएंडएस में 0.10, एफएमसीजी में 0.56, स्वास्थ्य में 0.63, इंडस्ट्रियल्स में 0.73, आईटी में 0.92, दूरसंचार में 0.71, यूटिलिटीज में 0.63, ऑटो में 0.14, पूंजीगत वस्तुओं में 1.06, बिजली में 0.30, रिएल्टी में 0.70 और टेक में 0.88 फीसदी की तेजी रही।
टाटा स्टील को सबसे अधिक मुनाफा
सेंसेक्स में सबसे अधिक मुनाफा टाटा स्टील को हुआ। कंपनी के शेयरों के भाव में 3.17 फीसदी की तेजी रही। यस बैंक में 2.83 फीसदी, भारती एयरटेल में 2.64, एलएंडटी में 1.74, पावर ग्रिड में 1.61, डॉ. रेड्डीज लैब में 1.60, टीसीएस में 0.99, ओएनजीसी में 0.74, इंफोसिस में 0.64, आईटीसी में 0.62, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.48, अदानी पोटर्स में 0.43, एचडीएफसी बैंक में 0.41, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.33 और हिंदुस्तान यूनीलीवर में 0.18 फीसदी की तेजी रही।
एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट
एक्सिस बैंक के शेयरों में सर्वाधिक 0.91 फीसदी की गिरावट रही। कोल इंडिया में 0.77, कोटक महिंद्रा बैंक में 0.69, सन फार्मा में 0.61, हीरो मोटोकॉर्पस में 0.58, इंडसइंड बैंक में 0.57, बजाज ऑटो में 0.56, मारुति सुजुकी में 0.51, एनटीपीसी में 0.48, एचडीएफसी में 0.46, एशियन पेंट्स में 0.38, विप्रो में 0.38, आईसीआईसीआई बैंक में 0.36 और टाटा मोटर्स में 0.19 फीसदी की गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे।