मऊ

‘विक्रमादित्य मार्ग पर जल्द ड्रामा स्कूल खुलने वाला है’, ओमप्रकाश राजभर ने सपा सांसद के जरिए अखिलेश यादव पर कसा तंज

Omprakash Rajbhar Statement on Akhilesh yadav: कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने घोसी सांसद राजीव राय के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
2 min read
Aug 17, 2026
Om Prakash Rajbhar - Akhilesh Yadav
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और ओमप्रकाश राजभर (IANS Photo)

Omprakash Rajbhar News: उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। इसको लेकर सभी पार्टियों ने अपनी अपनी कमर कस ली है। वहीं, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हावी हैं। वह प्रतिदिन सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अखिलेश यादव पर तंज कस रहे हैं। हालांकि, अभी तक समाजवादी पार्टी ने ओमप्रकाश राजभर के तंज का जवाब नहीं दिया है। एक बार फिर से उन्होंने घोसी सांसद राजीव राय के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

क्या बोले ओमप्रकाश राजभर

ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में कहा है कि जल्द ही विक्रमादित्य मार्ग पर ड्रामा स्कूल खुलने वाला है। ओमप्रकाश राजभर ने अपने X अकाउंट पर लिखा, "मित्र अखिलेश जी, मुझे कल ये पता चला कि आपकी पार्टी में आपसे बड़े एक्टर भी हैं। जानकर खुशी भी हुई। शोले फिल्म का पानी की टंकी वाला सीन फेल है, आपके नेता जी की एक्टिंग के आगे महाराज। आप तो खुद सोशल मीडिया में ऐक्टिव रहते हैं। ये पोस्ट तो अपने भी देखा होगा। आपके सांसद श्री राजीव राय जी ने कमाल ही कर दिया।"

ओमप्रकाश राजभर ने कहा, "सांसद जी का चेला, सांसद जी के कहने पर पानी की टंकी चढ़ गया। टंकी से ही सोशल मीडिया में सड़क बनवाने की अपनी मांग उठा दी। सांसद जी इंतजार में बैठे थे कि कब पोस्ट आए और कब वो कहें कि मैं मांगें मानने को तैयार हूं। सांसद जी ने कहा कि मैं बनवाऊंगा। चेला नीचे आ गया। लाइट, कैमरा, एक्शन की जगह सोशल मीडिया पोस्ट-पोस्ट-पोस्ट टाइप मामला हो गया। सांसद जी ने एक्टिंग में आपको भी पीछे छोड़ दिया मित्र। आप पीडीए के नाम पर एक्टिंग करते हैं लेकिन वो बात नहीं दिखाई देती आपकी एक्टिंग में जो सांसद जी ने करके दिखा दिया। काश सोशल मीडिया में एक्टिंग का भी कोई अवार्ड होता तो आज आपके सांसद जी को हरा पाना किसी के बूते ही बात नहीं होती। उम्मीद है विक्रमादित्य मार्ग पर बहुत जल्द ड्रामा स्कूल खुलने वाला है।"

क्या है मामला

दरअसल, नितिन प्रजापति नाम का एक शख्स गांव की टूटी हुई सड़क को बनाने के लिए प्रधान, बीडीओ और सीएम पोर्टल पर शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। इसी दौरान घोषी से सपा सांसद राजीव राय ने शख्स के पोस्ट पर कोट करते हुए लिखा, "मैं बनवाऊंगा, अब तक आपका हर काम मैं ही करता आया हूं।" इसी को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और अखिलेश यादव पर तंज कसा है और आरोप लगाया है कि नितिन प्रजापति सपा का ही कार्यकर्ता है।

Updated on:
17 Aug 2026 10:56 am
Published on:
17 Aug 2026 10:56 am