मुख्य बातें गाजे बाजे के साथ दुल्हन के घर खरखाैदा बारात लेकर पहुंचा दूल्हा फेरों के समय अचानक पहुंची कथित प्रेमिका दुल्हन पक्ष ने बारात को बंधक बनाकर तोड़ी शादी
मेरठ। शादी में अक्सर आप ने नाज गाने के बीच लड़ाई- झगड़े या फिर परिवार में ताल मेल बिगड़ता देखा होगा, लेकिन बुधवार को मेरठ के परतापुर से खरखौदा के एक गांव में आई बारात में कुछ ऐसा हुआ कि दुल्हन पक्ष ने बारात को खाना खिलाया और फिर बंधक बना लिया। इसकी वजह बारात द्वारा दहेज या कोई अन्य मांग करना नहीं है। बल्कि दूल्हे की कथित प्रेमिका द्वारा फेरों के दौरान पहुंचकर हंगामा करना है। इतना ही नहीं प्रेमिका ने मंडप में पहुंचते ही फेरों पर बैठे दूल्हे के हाथ में बच्चा थमा दिया। जिसे देखकर सब हैरान रह गये।
गाजे बाजे के साथ धूमधाम से मंडप तक पहुंची थी बारात
जानकारी के अनुसार, मेरठ के परतापुर इलाके से खरखौदा के एक गांव में बुधवार शाम को धूम धाम और गाजे बाजे के साथ बारात आई थी। बारात के पहुंचने पर दुल्हन पक्ष ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। बारातियों को खाना खिलाया और फिर दूल्हा दुल्हन फेरे लेने बैठ गये। इसी दौरान अचानक माहौल बदल गया। इसकी वजह एक महिला द्वारा मंडप में पहुंचने था। उसने मंडप में पहुंचते ही दूल्हे को अपना पति बताते हुए उसके हाथ में बच्चा थमा दिया।
फेरों के समय पहुंची महिला और दूल्हे के हाथों में थमा दिया बच्चा
महिला ने हंगामा करते हुए खुद को फेरे ले रहे दूल्हे की प्रेमिका ही नहीं पत्नी बताया। इतना ही नहीं उसने एक मासूम बच्ची को दूल्हे को थाम दिया। यह देखकर सब दंग रह गये। महिला ने दावा किया कि यह बच्ची उसकी बेटी है। यह कहते हुए उसकी गोद में रख दिया। साथ ही महिला ने शादी का विरोध किया। यह देख दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी रोक दी। इसके साथ ही दूल्हे समेत बारातियों को बंधक बना लिया। काफी देर तक समझौते की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी, तो दूल्हे पक्ष ने गुरुवार को मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की पक्ष को समझाने और समझौते कराने का प्रयास किया, लेकिन लड़की पक्ष नहीं माना।
पंचायत ने बैठकर निकाला यह रास्ता
वहीं इसको लेकर दुल्हन पक्ष के गांव में पंचायत बैठी। इसमें पंचायत के जिम्मेदार लोगों ने तय किया कि शादी नहीं होगी। इसके साथ ही लड़की पक्ष के शादी में खर्च हुए नौ लाख रुपये भरपाई के तौर पर दुल्हन पक्ष को देना होगा। इसके लिए महीने के लास्ट वीक का समय रखा गया है। इसके साथ ही पुलिस हंगामा करने वाली महिला के दांवों की जांच में जुट गई है।