Highlights अष्टमी पर पूजन में मोहल्ले की कन्याएं नहीं आयी परिवार की कन्याओं को जिमाकर मनाया गया पर्व बोले श्रद्धालु- मां दुर्गा करेंगी सबकी कोरोना से रक्षा
मेरठ। नवरात्र पर बुधवार को श्रद्धालुओं ने मां के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान घर-घर में कन्याओं का पूजन कर उपहार स्वरूप फल और दक्षिणा भेंट की गई। कन्या पूजन के दौरान मां के जयकारों से घर और मोहल्ले गूंज उठे। कोरोना के खौफ के चलते इस बार कन्या पूजन परिवार की कन्याओं के साथ ही हुआ। मोहल्ले के परिवारों ने एक-दूसरे के घर कन्याएं नहीं भेजी। इसके चलते हर घर में परिवार की कन्याओं के साथ पूजन किया गया। लॉकडाउन के चलते एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले कन्याएं नहीं जा सकी।
अष्टमी पूजन में देवी के भक्तों और कन्या पूजन करने वाली महिलाओं का कहना था कि कोरोना से मां दुर्गा पूरे विश्व की रक्षा करेंगी। अष्टमी पर मनसा देवी, चंडी देवी, मां काली मंदिर, माया देवी सहित अन्य देवियों की सुबह से ही श्रद्धालुओं द्वारा घरों में पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले घरों में मां महागौरी को हलवा, चने और पूड़ी का भोग लगाया।
इसके बाद परिवार की कन्याओं को जिमाया गया। कन्याओं का तिलक कर भोजन ग्रहण करवाने के बाद फल इत्यादि भेंट किए गए। कन्या जिमाई के बाद घट विसर्जन होता है, लेकिन लॉकडाउन के चलते ये नहीं हो पाया। नवरात्र में कलश में रखे गए जल से घर के चारों ओर छिड़काव किया गया और मां भगवती से घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। कई मंदिरों और संस्थानों में भी चंद लोगों द्वारा ही अनुष्ठानों की पूर्णाहुति दी गई। जिसमें कोरोना वायरस से विश्व, देश, प्रदेश और अपने शहरवासियों को मुक्ति की कामना की गई।
गुरूवार को नवमी पर मां के नौंवे स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना की जाएगी। नवमी के अवसर पर घरों में यज्ञ के आयोजन की तैयारियां भी चल रही हैं। इस बार मंदिर में विशाल भंडारे के आयोजन को रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही चैत्र नवरात्र का समापन होगा।