कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने बनाई व्यवस्था अब सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट से मिलेगा इंजेक्शन सीएमओ की टीम भी मौके पर रहेगी मौजूद
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ ( meerut news ) कोरोना वायरस Corona virus के बढ़ते मरीजों के बीच बढ़ रही मांग काे देखते हुए रेमडेसिविर Remdesivir इंजेक्शन की पूर्ति अब सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से होगी। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पूरी व्यवस्था कर दी गई है। यहां रेमडेसिविर इंजेक्शन आसानी से उपलब्ध होगा।
इंजेक्शन लेने के लिए जरूरतमंद को जरूरी कागजात दिखाने होंगे जिसके बाद उन्हे हाथों-हाथ इंजेक्शन दे दिया जाएगा। एडीएम सिटी अजय तिवारी ने बताया कि प्रशासन को रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इसी को देखते हुए रेमडेसिविर इंजेक्शन का दुरूपयोग न हो इसकी पुख्ता व्यवस्था की गई है। अब जिसे रेमडेसिविर इंजेक्शन की जरूरत होगी उसको ही यह इंजेक्शन कोर्ट से मिलेगा।
ये कागजात होंगे आवश्यक
अगर आपको भी रेमडेसिविर इंजेक्शन की आवश्यकता है तो सिटी मजिस्ट्रेट ( city magistrate ) कोर्ट से रेमडेसिविर इंजेक्शन आपको मिल जाएगा लेकिन इसके लिए डॉक्टर का पर्चा व मरीज की तमाम रिपोर्ट दिखानी होंगी। यह भी दिखाना होगा कि मरीज कब से अस्पताल में भर्ती है और उसको क्या वाकई इस इंजेक्शन की जरूरत है। कोर्ट परिसर में कागजों की जांच के लिए सीएमओ की टीम भी मौजूद रहेगी। इस टीम में चिकित्सक भी शामिल होंगे।
इंजेक्शन लगवाने का भी देना होगा प्रमाण
इंजेक्शन मरीज को लगा इसका भी प्रमाण देना होगा। इंजेक्शन का कहीं दुरूपयोग न हो या इसकी कालाबाजारी न हो इस पर भी पैनी निगाहें होंगी।