विविध भारत

नाम के आगे ‘सिंह’ लगाने पर दलित दूल्हे पर हमला, निभा रहा था शादी की रस्में

शादी के कार्ड में नाम छपवाने पर लड़के के साथ ये क्या किया गया।
2 min read
• •
Updated: 14 May 2018, 5:10 PM IST
dalit

नई दिल्ली। गुजरात में एक दलित युवक पर सिर्फ इस बात को लेकर हमला कर दिया गया कि उसने अपनी शादी के कार्ड में नाम के आगे सिंह शब्द जोड़ दिया था। दलित युवक पर हमला करने का कथित आरोप उच्च जाति के लोगों पर लगा है। बता दें कि जिस समय युवक पर हमला किया गया उस दौरान वह अपनी शादी की रस्में निभा रहा था।

पुलिस सुरक्षा के बीच शादी की रस्में

मामला गुजरात के बनासकांठा जिले का है। युवक बनासकांठा जिले के वाव तालुका के गोलागाम गांव में रहता है। स्थानीय ऐक्टिविस्ट दलपत भाटिया ने बताया कि पुलिस सुरक्षा के बीच दलित परिवार शादी की रस्में पूरी कर रहा था। उसी दौरान उच्च जाति के लोग वहां पहुंच गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। वहीं, पत्थरबाजी की वजह से दूल्हा घायल हो गया।

जांच जारी

वाव तालुका पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि अभी इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हमले का कारण पता चलेगा।

नाम के आगे लिखा था 'सिंह'

वहीं, पीड़ित परिवार ने बताया कि शादी के कार्ड पर घर के दो बच्चों के नाम के आगे सिंह लिखा हुआ था। सिंह लिखने की वजह से दरबार समुदाय के लोगों ने इस बात पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद ये सब हुआ।

आ चुके हैं धमकी भरे फोन

आपको बता दें कि जिस दलित युवक पर हमला किया गया उस परिवार के मुखिया कांजी भद्रू खुद भी पुलिस में ही हैं। उन्हें इस संबंध में लगभग 50 धमकी भरे फोन भी आ चुके हैं। इस संबंध में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था और शांति से शादी संपंन हो जाए इसके लिए सुरक्षा मुहैया भी कराई गई थी। भद्रू ने बताया कि शादी के बाद जब पूरा परिवार गांव के शिवमंदिर गया, उसी दौरान दरबार समुदाय के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।

Published on: