विविध भारत

दिल्ली में बारिश के बाद ठंड ने दिखाया असर, वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’

देश की राजधानी दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद ठंड अपना असर दिखाने लगी है। दिल्ली में रविवार सुबह सर्द रही और बादल छाए रहे।
2 min read
Feb 03, 2019
news
दिल्ली में बारिश के बाद ठंड ने दिखाया असर, वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब'

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद ठंड अपना असर दिखाने लगी है। दिल्ली में रविवार सुबह सर्द रही और बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर जारी सूचना के मुताबिक सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि पूरी दिल्ली की बात करें तो शहर में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही, आसमान में बादल भी छाए रहे। वहीं, मौसम विभाग ने दिन में बादल छंटने और मौसम साफ होने की संभावना जताई है।

अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास

इसके साथ ही यहां का अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में बारिश नहीं हुई, हालांकि, मौसम विभाग ने पांच से सात फरवरी के बीच गरज के साथ हल्की बारिश या ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वायु गुणवत्ता एवं मौसम अनुमान प्रणाली के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में सकल वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 322 पर पहुंच गया और शहर की समग्र वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।

वहीं, एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का क्रम अभी जारी है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी ने मैदानी राज्यों में भी ठंड बढ़ा दी है। वहीं, बर्फबारी के चलते सैलानी हिल स्टेशन पहुंच कर मौसम का तुल्फ उठा रहे हैं।

Published on:
03 Feb 2019 11:21 am