विविध भारत

कश्मीर: पूर्व सरपंच की हत्या के बाद अब उपद्रवियों ने उनके घर को लगाई आग

कश्मीर में सोमवार शाम आतंकियों ने पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

2 min read
Oct 17, 2017
Kashmir,kashmir unrest,

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में सोमवार शाम आतंकियों ने जिस पूर्व सरपंच की गोली मार कर हत्या कर दी थी, मंगलवार को उसी सरपंच के घर को कुछ गांववालों ने आग के हवाले कर दिया। सुरक्षाबलों ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर घरवालों को सुरक्षित निकाला।

दरअसल सोमवार शाम शोपियां में आतंकियों ने पूर्व सरपंच को उनके घर के बाहर ही घेर लिया और बेरहमी से कत्ल कर दिया। जिससे गुस्साए गांव वालों ने आतंकियों पर हल्ला बोल दिया और उन्होंने बी श्रेणी के पांच लाख के इनामी आतंकी शौकत अहमद फलाही को पीट—पीट कर मारा डाला। जबकि उसके दो साथी जान बचाकर भागने में सफल रहे। सूत्रों के मुताबिक अब आतंकियों के इशारे पर कुछ गांववालों ने मृतक सरपंच के घर को आग लगा दी। घटना की जानकारी तुरंत सुरक्षाबलों को दी गई। मौके पर पहुंचे जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा कर घर वालों को बचाया।

बता दें कि बीते 15 सालों में राज्य में यह तीसरा ऐसा मौका है जब ग्रामीणों ने किसी आतंकी की पीट—पीट कर हत्या कर दी हो। इससे पूर्व ग्रामीणों ने कुलगाम में और जम्मू संभाग के राजौरी में एक युवती ने आतंकी को कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी थी।

मुखबिर होने का था शक
जानकारी के मुताबिक शौकत 25 अक्टूबर 2016 को आतंकी बना था। राज्य के पुलिस महानिदेशक डॉ. एसपी वैद ने भी ट्वीट कर इस घटना के बारे में बताते हुए कहा कि तीन आतंकियों ने शोपियां में पूर्व सरपंच की हत्या कर दी। जबकि इस दौरान ग्रामीणों के हाथों एक आतंकी भी ढ़ेर हो गया। सूत्रों के मुताबिक आतंकियों का शक था कि पूर्व सरपंच मोहम्मद रमजान शेख पुलिस के लिए मुखबिरी करता था, जिस वजह से उसकी हत्या की गई।

Published on:
17 Oct 2017 06:43 pm