विविध भारत

Weather Forecast: उत्तर भारत में शीतलहर से अभी नहीं मिलेगी राहत, इन इलाकों में ओलावृष्टि के आसार

Weather Forecast देश के ज्यादा राज्यों में जारी है हाड़ कंपा देने वाली ठंड बिहार के कई इलाजों में कोल्ड डे का अलर्ट अरुणाचल प्रदेश में गरज के साथ ओलावृष्टि के आसार
3 min read
• •
Updated: 30 Jan 2021, 7:51 AM IST
Weather Forecast
देशभर के ज्यादातर राज्यों में जारी सर्दी का सितम

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज ( Weather forecast )एक बार फिर करवट ले रहा है। कई इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। खास तौर पर उत्तर भारत और मध्य भारत के कुछ इलाकों में पारा सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही घने कोहरे ने भी जनजीवन को खासा प्रभावित किया है।

भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) के मुताबिक फिलहाल इन इलाकों में लोगों को सर्दी के सितम से राहत मिलती नहीं दिख रही है। वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश तक बर्फबारी के संकेत हैं, जबकि पंजाब, हरियाणा, बिहार और राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।

उत्तर भारत के कई भागों में शीतलहर का प्रकोप जारी है और ठंड से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी के मुताबिक, ठिठुरन भरी सर्दी का यह सिलसिला अभी आगे भी जारी रहने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। सुबह कोहरा रहेगा जो दिन चढ़ने के साथ छट जाएगा। पहाड़ी इलाकों से आ रही उत्तरी पश्चिमी हवाएं गलन का अहसास कराती रहेंगी।

मौसम फिर करवट लेगा और देश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो गोरखपुर में शुक्रवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। प्रयागराज में खिली धूप के बावजूद गलन का जोर रहा। कौशांबी में पारा 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

गलन से जनजीवन बेहाल है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में आगरा की सुबह कोहरा भरी रही। वहीं मथुरा में सुबह कोहरा छाया रहा।

पंजाब और हरियाणा में बढ़ी ठिठुरन
उत्तर भारत के अहम राज्यों में शामिल पंजाब और हरियाणा में भी सर्दी का सितम बदस्तूर जारी है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा रहा। आदमपुर में तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री नीचे रहा। अभी कुछ दिन ठंड का असर इसी तरह रहेगा।

बिहार के कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
बिहार में भी पिछले कुछ दिनों से हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। आईएमडी के मुताबिक शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट है।

दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गयी है। राजधानी पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और गया समेत राज्य के अधिकतर शहरों के अधिकतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।

राजस्थान में भी बढ़ी ठिठुरन
राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की सर्दी जारी है। राज्य के एक मात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। विभाग ने अगले 24 घंटे में अलवर, भीलवाड़ा, भरतपुर, चित्तोडगढ़, झुंझुनू, सीकर, उदयपुर जिलों में शीत लहर से अति शीत लहर का अनुमान लगाया है।

इसके अलावा भीलवाड़ा, सीकर, झुंझुनूं, चित्तोडगढ़ जिले में कुछ जगह पाला पड़ने की संभावना जताई है।

बारिश के बाद झारखंड में लुढ़का पारा
झारखंड में शुक्रवार को हुई बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी। इसके साथ ही प्रदेश में सर्दी में जोरदार इजाफा हुआ है। तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है।

ओलावृष्टि के आसार
आईएमडी के मुताबिक सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य प्रदेश में भी शीतलहर होने के आसार जताए हैं। साथ ही ओडिशा में भी कोहरा पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अरुणचल प्रदेश में गरज के साथ बिजली भी चमक सकती है जबकि कुछ इलाकों में ओलवृष्टि की भी संभावना है।

Published on: