Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद में 24 घंटे के भीतर छेड़खानी, दुष्कर्म और अपहरण के 6 सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। बच्चियों, किशोरियों और महिलाओं को निशाना बनाते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदातें अंजाम दी गईं।
Molestation six places in 24 hours in Moradabad: मुरादाबाद में बीते 24 घंटे महिलाओं और बच्चियों के लिए बेहद खौफनाक रहे। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से छेड़खानी, दुष्कर्म के प्रयास और अपहरण के छह मामले दर्ज किए गए हैं। इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक निर्यातक की 15 वर्षीय बेटी को उसका सात साल पुराना ड्राइवर 11 मई की सुबह ट्यूशन छोड़ने के लिए लेकर गया था। लौटते समय आरोपी उसे एक बेसमेंट में ले गया और छेड़खानी की। इसके बाद वह उसे एक गलत रास्ते से मकान की ऊपरी मंजिल पर ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची ने घर पहुंचकर रोते हुए परिजनों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश जारी है।
रविवार रात मोहल्ले में खेल रही सात साल की बच्ची से जयपाल नामक 44 वर्षीय व्यक्ति ने छेड़खानी की और उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मौसी और मौसा पहुंचे और उसे बचाया। आरोपी ने दोनों पर हमला कर धमकी दी और फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एक छह साल के बच्चे को खेत में अकेला पाकर 22 वर्षीय युवक भीमसेन ने दुष्कर्म किया। डराने और जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। केस में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
नौ मई को महिला के पति के बाहर रहने के दौरान, बरवाला मझरा निवासी बिन्टू नामक व्यक्ति उसके घर में घुसा और छेड़खानी की। विरोध करने पर उसने मारपीट की। थोड़ी देर बाद वह अपने पिता मंगला और मां भागवती के साथ लौटा और तीनों ने महिला पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह घायल हो गई। सभी आरोपी फरार हैं।
एक रिश्तेदार युवक ने घर में अकेली किशोरी को नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया गया। किशोरी के गर्भवती होने पर जबरन दवा देकर गर्भपात कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एक गांव निवासी किशोरी को गांव के ही युवक ने 10 मई को परिवार के खेत पर होने के दौरान बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठा लिया और अपहरण कर ले गया। जब छात्रा के पिता आरोपी के घर पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इन लगातार हो रही घटनाओं ने मुरादाबाद की कानून व्यवस्था और महिला-बाल सुरक्षा की पोल खोल दी है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन यह सवाल बना हुआ है कि आखिर सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?