मुरादाबाद

Moradabad News: मुरादाबाद में झमाझम बारिश का कहर! नाले-नदी उफान पर, 93.4 मिमी बारिश से शहर तालाब में तब्दील

Moradabad Heavy Rain: मुरादाबाद में लगातार 15 घंटे तक हुई 93.4 मिमी झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। रामगंगा और गागन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जबकि ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से पॉश कॉलोनियां भी पानी में डूब गईं हैं।
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2025, 6:44 PM IST
moradabad heavy rain ramganga gagan river flood waterlogging
Moradabad News: मुरादाबाद में झमाझम बारिश का कहर! Image Source - Social Media

Moradabad heavy rain ramganga gagan river flood waterlogging: यूपी के मुरादाबाद में लगातार हो रही झमाझम बारिश ने नगर निगम और आवास विकास के नाला सफाई के दावों की पोल खोल दी है। पिछले 15 घंटों में 93.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे रामगंगा और गागन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कटघर क्षेत्र में पानी घुसने का खतरा मंडरा रहा है।

ड्रेनेज सिस्टम फेल, पॉश कॉलोनियां भी डूबीं

बारिश के चलते दीनदयाल नगर, बुद्धि विहार और लाइनपार के मोहल्लों में जलभराव हो गया। रामलीला ग्राउंड और आसपास की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। मोहल्ला रामतलैया, सूर्यनगर, जयंतीपुर, आदर्श कॉलोनी, भोलानाथ कॉलोनी, ढक्का कॉलोनी और प्रकाश नगर में लोगों को कीचड़ और पानी से होकर निकलना पड़ा।

लाइनपार में हालात सबसे खराब

लाइनपार के मोहल्लों में पानी घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानदारों को गली-मोहल्लों में जमा कीचड़ से गुजरना पड़ा। रामगंगा विहार, जेल रोड और आवास विकास कॉलोनियों में भी पानी भर गया। नगर निगम की टीम ने पानी निकासी की कोशिश की लेकिन लाइनपार में सफलता नहीं मिली।

अवंतिका और मानसरोवर में घरों तक पहुंचा पानी

रामगंगा विहार की अवंतिका कॉलोनी और मानसरोवर में घरों के भीतर पानी भर गया। स्टेशन रोड, जामा मस्जिद, ईदगाह रोड, जेल रोड और झब्बू का नाला भी जलभराव से प्रभावित रहे।

आवास विकास की कॉलोनियों में सिस्टम ठप

बुद्धि विहार में आवास विकास के ड्रेनेज सिस्टम के फेल होने से घरों और मैदानों में पानी घुस गया। शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने सिस्टम को दुरुस्त नहीं कराया, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

पेड़ गिरने से बाधित हुआ आवागमन

सिविल लाइंस के शंकर विहार कॉलोनी में सोमवार सुबह एक पुराना पेड़ गिर गया, जिससे रास्ता बंद हो गया। नगर निगम की टीम ने डालियां काटकर सड़क को खाली कराया। वहीं, दिल्ली रोड स्थित स्प्रिंगफील्ड स्कूल के पास भी पेड़ की डाली टूटकर गिरी।

पुराना पुलिस आवास हुआ धराशायी

मूंढापांडे थाने के पीछे स्थित एसआई के पुराने आवास की छत बारिश में गिर गई। घटना में एसआई रमेश चंद्र सक्सेना बाल-बाल बच गए। यह आवास आजादी से पहले 1926 में बना था और अब जर्जर हालत में है।

मानसून ने तोड़ी गर्मी की तपिश

रविवार रात 9 बजे शुरू हुई बारिश मंगलवार तक जारी रही। रात 1 बजे के बाद तेज बारिश का दौर सुबह 10 बजे तक चला। सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे और कुछ जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार सुबह 8 बजे तक 72.8 मिमी और दिन में 20.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। हवा की रफ्तार पश्चिम से पूरब दिशा में 5 से 10 किमी प्रति घंटा रही।

Updated on:
5 Aug 2025, 6:44 PM IST
Published on: