मुरादाबाद

जानिये, क्या हुआ जब बिना चालक के ही दौड़ने लगी पैसेंजर ट्रेन, देखें वीडियो-

मुरादाबाद जिले के बिलारी में राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना
2 min read
• •
Updated: 14 Mar 2018, 11:02 AM IST
moradabad

मुरादाबाद. बिलारी थाना क्षेत्र के राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर उस समय हड़कंप मच गया। जब एक डीएमयू ट्रेन एक हादसे के बाद अचानक दौड़ने लगी और सहसपुर स्टेशन के नजदीक जाकर डिरेल हो गई। इस हादसे में ट्रेन का एक इंजन व दो डिब्बे रेलवे ट्रैक से उतरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं इस घटना से पहले हुए हादसे में टाटा मैजिक सवार तीन लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है डीएमयू ट्रेन संभल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी अचानक राजा के सहसपुर स्टेशन के कुछ ही दूरी से पहले एक मानवरहित रेलवे क्रोसिंग पर ट्रेन के सामने रेलवे ट्रैक पर ही टाटा मैजिक वाहन आ गया और हादसे का शिकार हो गया। हादसे के दौरान ड्राइवर को जल्दबाजी में ट्रेन रोकनी पड़ी। कहा जा रहा है कि चालक ट्रेन को जब तक रोक पाता टाटा मैजिक वाहन ट्रेन की चपेट में आ गया और ट्रेन क्रॉसिंग पर रुककर खड़ी हो गई। टाटा मैजिक व ट्रेन की टक्कर लगने से घबराए सभी यात्री जल्दबाजी में ट्रेन से उतर गए। इसके बाद ट्रेन चालक व गार्ड भी ट्रेन से उतर गए।

हादसे के बाद टाटा मैजिक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें वाहन से निकाला ही जा रहा था कि ट्रेन बिना चालक के अचानक चल पड़ी और कुछ ही दूरी पर सहसपुर स्टेशन के नजदीक जाकर डिरेल हो गई। जिसमें ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही ट्रेन हादसा होने से पहले सभी यात्री सुरक्षित ट्रेन से उतर गए थे। जिससे बड़ा हादसा होने से बाल बाल बच गया। टाटा मैजिक में घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर डीआरएम अजय कुमार सिंघल सहित जिलेभर के आला अधिकारी पहुंच गए। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की वजह सामने आ पाएगी। मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंघल ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है।

Published on: