मुरैना

रेत माफियाओं का आतंक, वन आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

Sand Mafia : दिमनी थाना इलाके में चंबल नदी पर चल रहे रेत के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। आरोपी चालक आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचलकर फरार हो गया।
2 min read
Sand Mafia
रेत माफिया ने वन आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर की हत्या (Photo Source- Input)

Sand Mafia : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक ससनीखेज खबर सामने आई है। यहां बेखौफ रेत माफिया ने वन आरक्षक की वाहन से कुचल दिया है, जिससे वन आरक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, ये सनसनीखेज हत्याकांड उस समय हुआ जब वन विभाग का अमला इलाके में गश्त कर रहा था। इस दौरान उनका सामना अवैध रूप से रेत ले जा रहे माफिया से हो गया। माफिया ने वन विभाग के दल से पीछे हटने की चेतावनी दी। इसपर वन आरक्षक द्वारा उसे पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसने तेज वाहन दौड़ाते हुए उसे टक्कर मारी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

यह पूरा मामला जिले के दिमनी थाना इलाके में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 552 का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, चंबल नदी के ऐसाह घाट से रेत का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही अंबाह रेंज का गश्ती दल सुबह रेत के अवैध परिवहन को रोकने के लिए मौके के लिए रवाना हुआ। रथोल का पुरा और रानपुर के बीच वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर ने रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली को रोकने की कोशिश की। चालक ने बेरहमी से हरिकेश गुर्जर को ट्रैक्टर ट्राली से कुचल दिया और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

कुछ समय पहले अंबाह रेंज में हुआ था पदस्थ

वहीं वन विभाग के गश्ती दल ने शव को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वन अमले के साथ परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक हरिकेश गुर्जर मुरैना जिले के सरायछोला थाना इलाके में आने वालेजनकपुर गांव का रहे वाला था। कुछ समय पहले ही वो मध्य प्रदेश के अन्य जिले से स्थानांतरित होकर अंबाह रेंज में पदस्थ हुआ था। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी गई है।

एएसपी बोले- आरोपी की पहचान हो गई

मामले को लेकर मुरैना एएसपी सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर का कहना है कि, सुबह करीब 5.30 से 6.00 बजे के बीच का ये घटनाक्रम है। फॉरेस्ट की टीम अपने बीट क्षेत्र में गस्त पर थी। इस दौरान अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, जिसमें वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। इस घटनाक्रम में वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, आरोपी की भी पहचान कर ली गई है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Updated on:
08 Apr 2026 10:29 am
Published on:
08 Apr 2026 10:29 am