मुंबई

‘गेट आउट’ बोलकर पुलिसकर्मी को फटकारा, अभिजीत दीपके पर भड़का गुस्सा, सुरक्षा हटाने और माफी मांगने की उठी मांग

Abhijeet Dipke Controversy: महाराष्ट्र में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को 'गेट आउट' कहने पर बवाल मच गया है। पुलिस बॉयज एसोसिएशन ने माफी मांगने और सुरक्षा वापस लेने की मांग की है। जानिए क्या है पूरा मामला...
2 min read
Aug 14, 2026
police boys association demo, gate out police officer video
पुलिसकर्मी से विवाद में घिरे अभिजीत दीपके (फोटो सोर्स- IANS)

CJP Founder Abhijeet Dipke: नेताओं और बड़े लोगों का पुलिस या सुरक्षाकर्मियों के साथ बहस करने का मामला अक्सर देखने को मिलता है। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र से सामने आया है, जहां कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी के साथ बदतमीजी करने और उन्हें 'गेट आउट' कहकर घर से बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगा है। इइस घटना के बाद से आम जनता और पुलिस संगठनों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। मामला बढ़ता देख पुलिस बॉयज एसोसिएशन ने दीपके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

'गेट आउट' बोलने पर क्यों भड़का विवाद?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अभिजीत दीपके अपने घर पर तैनात पुलिसकर्मी को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में दीपके सुरक्षा ड्यूटी पर मौजूद उपनिरीक्षक से काफी कड़े लहजे में बातचीत करते दिख रहे हैं। वे पुलिसकर्मी से कहते सुनाई देते हैं कि जब वे खुद लोगों को अपने घर बुला रहे हैं, तो उन्हें अंदर आने से रोकने का क्या मतलब है। उन्होंने अधिकारी से यह तक कह दिया कि पुलिस वाले उन्हें यह नहीं सिखाएंगे कि उन्हें किससे मिलना है और किससे नहीं, इसलिए वे उनके घर से बाहर चले जाएं। ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी के साथ इस तरह 'गेट आउट' कहकर बात करने पर ही यह पूरा विवाद खड़ा हुआ है।

पुलिस बॉयज एसोसिएशन ने दी आंदोलन की चेतावनी

इस घटना के सामने आते ही पुलिस बॉयज एसोसिएशन ने कड़ा ऐतराज जताया है। संगठन की विदर्भ अध्यक्ष आरती जंगले ने स्पष्ट किया है कि वर्दीधारी कर्मचारी के साथ इस तरह का अमर्यादित बर्ताव किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसोसिएशन ने राज्य के गृह विभाग से मांग की है कि अभिजीत दीपके को दी गई पुलिस सुरक्षा तुरंत वापस ली जाए। साथ ही उन्होंने शर्त रखी है कि दीपके इस बर्ताव के लिए पुलिस अधिकारी और खाकी वर्दी से सबके सामने माफी मांगें। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि दीपके जल्द से जल्द सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो पूरे महाराष्ट्र में उनके खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

आरोपों पर अभिजीत दीपके की सफाई

दूसरी तरफ CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, इसलिए उन्हें पुलिस सुरक्षा मिली थी। हालांकि, उनका आरोप है कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उनके घर आने वाले मेहमानों को बेवजह रोकते हैं और उन पर सख्त निगरानी रखने की कोशिश करते हैं। दीपके ने यह भी आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में कुछ CID कर्मी उनके घर के आसपास घूमते हैं और उनकी निजी गतिविधियों की जानकारी एक सोशल मीडिया ग्रुप पर शेयर करते हैं। इसी बात से परेशान होकर उन्होंने सुरक्षा में तैनात अधिकारी को अपने घर से हटाने की मांग की थी।

Updated on:
14 Aug 2026 07:58 am
Published on:
14 Aug 2026 07:53 am