मुंबई

‘2 साल तक रेप किया’, अशोक खरात के खिलाफ 10वीं FIR, पीड़िता बोली- मुझे मजबूर किया; रिमांड 3 दिन बढ़ी

Ashok Kharat Rape Case: नासिक की अदालत ने अशोक खरात को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उस पर आरोप है कि उसने आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने के बहाने कई वर्षों तक 35 वर्षीय महिला का बार-बार यौन उत्पीड़न किया।
2 min read
Mar 29, 2026
Ashok Kharat Rape case Nashik
अशोक खरात के खिलाफ 11 और महिलाओं ने दर्ज कराई शिकायत (Photo: X/AI)

महाराष्ट्र को झकझोर देने वाले ढोंगी ज्योतिषी अशोक खरात (Ashok Kharat) मामले की सुनवाई आज नासिक जिला न्यायालय (Nashik Court) में हुई। इस दौरान पुलिस ने अदालत में कहा कि अशोक खरात इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड है और वह जांच में पुलिस का बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रहा है। वह लगातार गोलमोल जवाब दे रहा है और सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि आरोपी के वकील ने पुलिस हिरासत का पुरजोर विरोध किया। लेकिन अशोक खरात अदालत में शांत ही रहा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति एम.वी. भरडे ने अशोक खरात को 1 अप्रैल तक यानी तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

अब तक 100 से ज्यादा मिली शिकायतें- पुलिस

स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि उसके खिलाफ जांच कर रही विशेष जांच टीम को फोन पर 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं। इसके साथ ही, नासिक शहर के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में खरात के खिलाफ कुल दस एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें से 8 यौन उत्पीड़न और दो धोखाधड़ी से संबंधित हैं।

पीड़िता बोली- खरात ने मजबूरी का फायदा उठाया

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को एक महिला की शिकायत के आधार पर अशोक खरात के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, महिला का उसके पति के साथ संबंध तनावपूर्ण था और परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था, इसलिए वह सलाह लेने के लिए पाखंडी के पास गई थी। जहां खरात ने कथित तौर पर पीड़िता के मजबूरी का फायदा उठाया और उससे कहा कि अगर वह अपनी समस्याओं का समाधान चाहती है तो उसे उसकी हर बात माननी पड़ेगी। इसी के बाद उसने मार्च 2022 से 2024 के बीच बार-बार महिला के साथ दुष्कर्म किया।

व्यापारी को लगाया लाखो का चूना

वहीं, दूसरी प्राथमिकी नेवासा के कपड़ा व्यापारी राजेंद्र भागवत ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दर्ज करवाई है। भागवत ने पुलिस को बताया कि वह अपने कारोबार में तरक्की चाहता था, इसलिए एक रिश्तेदार की सलाह पर वह खरात से मिला था। तब ढोंगी ने उससे एक सोने की अंगूठी और कुछ रत्न लिए और बदले में उसे एक अंगूठी और एक रत्न देकर पहनने को कहा। इसके लिए 2.62 लाख रुपये भी लिए, लेकिन बाद में भागवत को पता चला कि खरात ने उसे नकली अंगूठी और रत्न दिए थे।

बता दें कि अशोक खरात को 18 मार्च को तब गिरफ्तार किया गया, जब एक 35 वर्षीय महिला ने उस पर तीन साल तक कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। तब से लगातार उसके खिलाफ शिकायतें मिल रही है। अधिकांश पीड़ित महिलाएं है। मामले से संबंधित कई अश्लील वीडियो भी मिले हैं, जिनमें अशोक खरात महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए दिख रहा है।

Updated on:
29 Mar 2026 05:50 pm
Published on:
29 Mar 2026 05:45 pm
Also Read
View All