मुंबई

अशोक खरात का बड़ा कबूलनामा, महिलाओं के यौन शोषण को लेकर किया चौंकाने वाला खुलासा

Ashok Kharat Case: अशोक खरात मामले में ईडी की भी एंट्री हो चुकी है। फिलहाल एसआईटी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है। नासिक का यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 7 Apr 2026, 11:29 AM IST
Ashok Kharat Daughter Property
23 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में है अशोक खरात (Photo: X/IANS)

स्वयंभू बाबा अशोक खरात की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अशोक खरात के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया है। पाखंडी बाबा से ईडी जल्द ही पूछताछ करेगी। इस बीच पूरे प्रकरण में बड़ा खुलासा हुआ है। अशोक खरात से एसआईटी (विशेष जांच दल) की पूछताछ के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, खरात ने महिलाओं के यौन शोषण की बात स्वीकार की है और यह भी कबूल किया है कि तथाकथित चमत्कार और वशीकरण दरअसल उसकी हाथ की सफाई थी।

खुद को ज्योतिषी बताने वाले खरात को 18 मार्च में तब गिरफ़्तार किया गया था, जब एक विवाहित महिला ने आरोप लगाया कि खरात ने उसके साथ तीन साल तक बार-बार बलात्कार किया। महाराष्ट्र पुलिस ने अब तक उसके खिलाफ कुल 13 प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिसमें से अधिकतर मामले महिलाओं के यौन उत्पीड़न के है।

कबूलनामे में खुला शोषण का तरीका

जांच में सामने आया है कि अशोक खरात महिलाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए कथित तौर पर वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करता था। वह अलग-अलग तरीकों से उन्हें भ्रमित करता था, जिससे पीड़ित महिलाएं उसके प्रभाव में आ जाती थीं। वह उन पर मनोवैज्ञानिक दबाव डालता था।

ऐसे देता काले कारनामों को अंजाम

एसआईटी की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अशोक खरात महिलाओं को डराकर और मानसिक रूप से दबाव बनाकर उनका शोषण करता था। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह सोची-समझी चाल से पहले प्रभावित करता और डर दिखाकर महिलाओं को नियंत्रित करता था। अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अशोक खरात अकेले ही यह सब करता था या उसके साथ कोई और भी होता था। एसआईटी इस एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है।

ईडी ने शुरू की जांच

बता दें कि ईडी ने अशोक खरात के खिलाफ महाराष्ट्र में दर्ज मामलों का संज्ञान लिया है और केस दर्ज किया है। ईडी जल्द ही खरात और मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ करेगी। अब तक की जांच में अशोक खरात कांड में कई अपराधों का खुलासा हुआ, जिनमें महिलाओं का यौन उत्पीड़न के साथ ही जमीन, सहकारी ऋण समितियों में खाते खोलने तथा अन्य संपत्तियों से जुड़ी वित्तीय अनियमितताएं शामिल हैं।

खरात ने अलग-अलग नामों से खुलवाए थे 130 खाते

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि अशोक खरात ने अहिल्यानगर जिले में दो सहकारी क्रेडिट सोसाइटी में अलग-अलग लोगों के नाम पर 130 से अधिक खाते खुलवाए थे। इन खातों से पिछले कुछ वर्षों में भारी लेन-देन हुआ और एक सोसाइटी में 60 करोड़ रुपये से अधिक और दूसरी में 2.74 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन की जानकारी मिली। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन खातों में से एक खाता महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर की बहन के नाम पर खोला गया था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि अशोक खरात के सभी खातों की जानकारी मिल गई है और उनके जरिये हुए लेन-देन की पहचान भी कर ली गई है। इससे उसकी सभी अवैध संपत्तियों और कुकर्मों का पर्दाफाश हो जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Updated on:
7 Apr 2026, 11:29 AM IST
Published on: