3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

22 रुद्राक्ष का डिब्बा, रहस्यमयी हरा द्रव्य! अशोक खरात का तंत्र-मंत्र का सामान देख पुलिस भी दंग

Ashok Kharat News : एसआईटी की एक टीम ने बुधवार को अशोक खरात के बेटे हर्षवर्धन को नासिक के कर्मयोगी नगर स्थित उसके आवास से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। हालांकि रात में ही उसे छोड़ दिया गया।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 03, 2026

Ashok Kharat Daughter Property

8 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में है अशोक खरात (Photo: X/IANS)

नासिक के चर्चित ढोंगी बाबा अशोक खरात के काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा अब एक-एक कर सामने आ रहा है। धार्मिक अनुष्ठानों की आड़ में कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी और यौन उत्पीड़न के मामले में फंसे खरात को फिर से पुलिस हिरासत में भेजा गया है। जिला न्यायालय ने पहले मामले में खरात को 14 दिन की न्यायिक हिरासत के बाद गुरुवार को दूसरे मामले में 8 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा।

अधिकारियों ने बताया कि अशोक खरात पहले दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में था, लेकिन एक दूसरे गंभीर मामले में पूछताछ के लिए विशेष जांच दल (SIT) ने उसकी कस्टडी फिर से मांगी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार्य कर लिया। इस बीच, जांच में पता चला है कि स्वयंभू बाबा अशोक खरात ने महाराष्ट्र में अलग-अलग नामों से दो सहकारी क्रेडिट सोसाइटी में 130 से अधिक खाते खुलवाए हैं. पिछले कुछ साल में 62.74 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन किए।

रुपाली चाकणकर की मुश्किलें बढ़ी?

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि अशोक खरात ने अहिल्यानगर जिले में दो सहकारी क्रेडिट सोसाइटी में अलग-अलग लोगों के नाम पर 130 से अधिक खाते खुलवाए थे। इन खातों से पिछले कुछ वर्षों में भारी लेन-देन हुआ और एक सोसाइटी में 60 करोड़ रुपये से अधिक और दूसरी में 2.74 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन की जानकारी मिली। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन खातों में से एक खाता महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर की बहन के नाम पर खोला गया था।

एनसीपी नेता रुपाली चाकणकर ने खरात से कथित संबंधों की बात सामने आने के बाद पिछले महीने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने एनसीपी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष का पद भी छोड़ दिया।

तलाशी में मिला तांत्रिक और अघोरी सामान

एसआईटी की टीम ने जब अशोक खरात के कार्यालय और उसके अन्य ठिकानों की तलाशी ली, तो वहां से कई चौंकाने वाली चीजें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से 22 रुद्राक्षों का एक डिब्बा, अंकों और अंग्रेजी अक्षरों वाली रहस्यमयी पट्टियां, काले रंग का मैग्निफाइंग ग्लास और एक बोतल में भरा हुआ 'हरा द्रव्य' जप्त किया है। पुलिस को संदेह है कि खरात इन चीजों का इस्तेमाल लोगों को डराने, वशीकरण करने या अघोरी तांत्रिक क्रियाओं के लिए करता था। इन संदिग्ध वस्तुओं को अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

आर्थिक धोखाधड़ी और दस्तावेजों का दुरुपयोग

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अशोक खरात केवल धार्मिक पाखंड तक ही सीमित नहीं था। आरोप है कि उसने कई पीड़ितों से उनके पैसे, संपत्ति और अन्य कीमती चीजें भी डराकर या ब्लैकमेल कर ली। एसआईटी इस बात की भी जांच कर रही है कि खरात ने कितने अवैध आर्थिक लेन-देन या बेनामी संपत्ति के सौदे किए हैं। पुलिस के अनुसार, खरात जांच में सहयोग नहीं कर रहा है।

परिवार भी जांच के घेरे में, पत्नी के खिलाफ लुकआउट नोटिस

एसआईटी अब खरात की पत्नी कल्पना पर भी नकेल कस रही है। हालांकि कल्पना फरार है और लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। वहीं अशोक खरात के बेटे हर्षवर्धन खरात से भी पुलिस ने पूछताछ की, क्योंकि कई मामलों में पारिवारिक संलिप्तता के संकेत मिले हैं।

मर्चेंट नेवी अधिकारी से स्वयंभू बाबा बने अशोक खरात को 17 मार्च को उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब 35 वर्षीय एक महिला ने नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में उसके खिलाफ तीन साल से अधिक समय तक बार-बार दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने खरात के खिलाफ कम से कम 10 प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनमें से आठ कथित यौन उत्पीड़न और दो धोखाधड़ी से संबंधित हैं। मामलों की जांच कर रही एसआईटी को फोन पर उसके खिलाफ 100 से अधिक शिकायतें भी मिली हैं। खरात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय, दुष्ट व अघोरी प्रथाओं तथा काला जादू रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम, 2013 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी बरामदगी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग