मुंबई

अशोक खरात का हो सकता है एनकाउंटर! कांग्रेस का बड़ा दावा- पाखंडी के पास कई मंत्रियों के राज

Praniti Shinde on Ashok Kharat encounter: नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात पर लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं, जिनमें से आठ महिलाओं से यौन उत्पीड़न से संबंधित हैं। कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने दावा किया कि जांच में सत्ताधारी दल के नेताओं के नाम सामने आ सकते हैं, ऐसे में खरात की मुठभेड़ के नाम पर हत्या की जा सकती है।

2 min read
Apr 15, 2026
Ashok Kharat encounter
अशोक खरात को एनकाउंटर में मारा जा सकता है- प्रणीति शिंदे (Photo: Social Media)

महिलाओं से बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार स्वयंभू बाबा अशोक खरात को लेकर कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे ने बड़ा दावा किया है। शिंदे ने कहा कि अशोक खरात को फर्जी मुठभेड़ में मारा जा सकता है, क्योंकि उसके पास कई बड़े लोगों के राज है। नासिक सैक्स स्कैंडल मामले के मुख्य आरोपी खरात अभी नासिक पुलिस की हिरासत में है।

अशोक खरात का एनकाउंटर हो सकता है- प्रणीति शिंदे

कांग्रेस नेता प्रणीति शिंदे ने पुणे में पत्रकारों से बात करते ही कहा, “स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात का मुठभेड़ में सफाया किया जा सकता है। कारण स्पष्ट है, उससे जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है। ये नाम भी सत्ता में बैठे लोगों से जुड़े हैं, जिनमें मंत्री भी शामिल हैं। वह बड़े खुलासे कर सकता है, लेकिन उससे पहले कुछ बुरा हो सकता है।”

अशोक खरात को नासिक पुलिस ने 3 साल से अधिक समय तक एक 35 वर्षीय महिला के साथ बार-बार बलात्कार करने के आरोप में 18 मार्च को गिरफ्तार किया था। बाद की जांच में यौन शोषण, भूमि हड़पने और धोखाधड़ी के कम से कम 14 मामले सामने आए। जिसमें से 8 तो महिलाओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े हैं। इस पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है।

ED ने 11 ठिकानों पर मारा छापा

साथ ही ईडी भी अलग से मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। सोमवार को नासिक समेत लगभग 11 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की और तलाशी अभियान चलाया। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि अशोक खरात और उससे जुड़े लोगों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों के साथ-साथ सहकारी ऋण समितियों की संबंधित शाखाओं की जांच की जा रही है।

18 अप्रैल तक हिरासत बढ़ी

बता दें कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने अशोक खरात के खिलाफ पीएमएलए 2002 की धारा 17 के अंतर्गत पिछले हफ्ते मुकदमा दर्ज किया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि खरात ने नासिक जिले स्थित दो सहकारी ऋण समितियों में दूसरे के नाम पर कई बैंक खाते खोले हैं, वह उन सभी खातों में नॉमिनी है। इसके अलावा उन सभी फर्जी खातों पर नियंत्रण रखने के लिए उसने अपना मोबाइल नंबर भी जोड़ा है।

मंगलवार को नासिक की एक अदालत ने अशोक खरात को रेप के तीसरे मामले में 18 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। खरात पर आरोप है कि उसने पारिवारिक समस्याओं का समाधान खोजने के लिए उसके पास आई एक महिला का लंबे समय तक यौन शोषण किया।

Published on:
15 Apr 2026 12:18 pm