Maharashtra Fake Baba Crime: महाराष्ट्र में हाल के दिनों में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां तथाकथित धर्मगुरु लोगों की आस्था का फायदा उठाकर उनके साथ बलात्कार, धोखाधड़ी जैसा गंभीर अपराध कर रहे हैं।
नासिक के ‘कैप्टन’ अशोक खरात की तरह ही महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अध्यात्म और श्रद्धा के नाम पर महिलाओं का यौन शोषण करने वाले एक स्वयंभू बाबा का असली चेहरा उजागर हुआ है। आरोपी खुद के भीतर दैवीय शक्ति होने का ढोंग करता था। एक पीड़िता ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुणे के खेड तालुका स्थित चांडोली गांव स्थित शिवदत्त आश्रम में खुद को ‘महाराज’ बताने वाला नवनाथ गवली महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। आरोप है कि वह अंधश्रद्धा और मजबूरी का फायदा उठाकर महिलाओं के साथ गलत हरकतें करता था।
एक 34 वर्षीय महिला ने हिम्मत दिखाते हुए खेड पुलिस स्टेशन में नवनाथ गवली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया।
पीड़ित महिला के मुताबिक, वह मई 2025 से अपने परिवार के साथ आश्रम में दर्शन के लिए जाती थी। इस बीच, 17 जुलाई की सुबह जब वह जप कर रही थी, तभी आरोपी ने उसे आपत्तिजनक बात कही। महिला का आरोप है कि पाखंडी ने उससे कहा, “तुम्हारे शरीर के दोष दूर करने के लिए शारीरिक संबंध बनाना जरूरी है।”
शुरुआत में पीड़ित महिला ने परिवार को खतरा और बदनामी के डर के कारण पूरी सच्चाई नहीं बताई और केवल छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन बाद में आरोपी द्वारा फोन पर लगातार परेशान किए जाने और हाल ही में सामने आए अशोक खरात मामलों से प्रेरित होकर उसने पूरे अत्याचार का खुलासा किया।
पीड़िता ने कहा, “हम श्रद्धा से वहां गए थे, लेकिन उसने (आरोपी) वहां अंधविश्वास का बाजार बना रखा है। वह शरीर में देवी-देवता के आने का नाटक करके महिलाओं का शोषण करता है। अब हमारे परिवार को डर लग रहा है। हम सहमे हुए है।”
खेड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि इस तरह के और भी मामले सामने आ सकते हैं। ऐसे में अन्य संभावित पीड़ित महिलाओं से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की जा सकती है।
फिलहाल, आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें