मुंबई

ई-बाइक चार्ज करना पड़ा भारी! महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में दो इलेक्ट्रिक गाड़ियां जलकर राख, एक व्यक्ति झुलसा

EV fire in Maharashtra: पिंपरी-चिंचवड़ के वाल्हेकरवाड़ी में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक बाइक में आग लगने से दहशत फैल गई। हादसे में दो ई-बाइक जलकर खाक हो गईं, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
2 min read
Jul 20, 2026
EV fire in Maharashtra
महाराष्ट्र में चार्जिंग के दौरान आग लगने से दो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर राख हो गए। फोटो सोर्स-ANI

EV fire in Maharashtra:महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वाल्हेकरवाड़ी के दगडोबा चौक इलाके में चार्जिंग के दौरान दो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि उसकी लपटें पास की दो मंजिला इमारत तक पहुंच गईं। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बाइक ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक उनमें से एक बाइक में आग भड़क उठी और देखते ही देखते दूसरी बाइक भी इसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया।

वाल्हेकरवाड़ी इलाके में लगी आग

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। फायरमैन शहाजी कोपनकर के मुताबिक, सुबह करीब 7:18 बजे वाल्हेकरवाड़ी इलाके में एक फ्लैट में आग लगने की सूचना फायर कंट्रोल रूम को मिली थी। सूचना मिलते ही टीम को रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि इमारत ग्राउंड प्लस दो मंजिला थी और फ्लैट के अंदर कुछ लोग फंसे हुए थे। दमकल कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, हादसे में एक व्यक्ति आग की चपेट में आने से घायल हो गया।

EV सुरक्षा को लेकर अलर्ट

दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे में दो इलेक्ट्रिक बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग चार्जिंग के दौरान लगी, हालांकि आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग व्यवस्था और बैटरी सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, ई-वाहनों को चार्ज करते समय सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Updated on:
20 Jul 2026 11:46 am
Published on:
20 Jul 2026 11:46 am