
Shah Bazar murder case: शहर के रोजेबाग इलाके में आधी रात को हुई एक खौफनाक वारदात से हड़कंप मच गया है। पुराना विवाद खत्म करने और समझौता करने के बहाने 21 साल के युवक को बुलाया गया और पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों के गिरोह ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बता दें कि मृतक की पहचान खान नासिर खान तारेख अहमद (21 वर्ष, निवासी शाह बाजार) के रूप में हुई है। नासिर का स्थानीय कुछ युवकों के साथ किसी मामूली बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के तहत दूसरे गुट ने नासिर को रोजेबाग इलाके में यह कहकर मिलने बुलाया कि मामला यहीं खत्म करते हैं। नासिर विवाद सुलझने की उम्मीद में वहां पहुंचा, लेकिन हथियारों से लैस हमलावरों ने उसे घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी। जैसे ही नासिर मौके पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे करीब आठ हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया, जिससे उसके बच निकलने का कोई मौका नहीं बचा। आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया और बेरहमी से पीटकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने नासिर पर चाकुओं से एक के बाद एक कई वार किए। गंभीर रूप से घायल नासिर खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया।
आपको बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही सिटी चौक पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल 8 में से सात संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।वहीं एक फरार आरोपी की अभी भी पुलिस तलाश कर रही है। मृतक नासिर के भाई ने आरोप लगाया है कि इस पूरी साजिश के पीछे शहर के एक पूर्व नगरसेवक का बेटा मुख्य सूत्रधार है। वारदात के बाद रोजेबाग और शाह बाजार इलाकों में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।