मुंबई

‘संवेदनशीलता और निजता का रखें ध्यान’, IRS अधिकारी की बेटी की हत्या मामले में मीडिया को सख्त हिदायत

IRS Officer Daughter Murder Rahul Meena: दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा के एक अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की कथित रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिवार के पूर्व घरेलू नौकर राहुल मीणा (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वारदात की मुख्य वजह लूट थी।

2 min read
Apr 28, 2026
IRS officer daughter death Rahul Meena
दिल्ली मर्डर केस में कोर्ट का बड़ा निर्देश (Photo: X/ANI)

दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की रेप और हत्या मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने मीडिया को विशेष निर्देश दिए हैं। सोमवार को साकेत कोर्ट ने साफ कहा कि इस संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग करते समय मीडिया को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, अदालत ने आरोपी राहुल मीणा (23) को सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

कोर्ट की सख्त टिप्पणी- परिवार की निजता का सम्मान करें

साकेत कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दीपिका ठाकरान ने कोर्ट में मौजूद मीडियाकर्मियों से कहा कि वे इस मामले की रिपोर्टिंग में सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार ने बहुत बड़ा नुकसान झेला है, इसलिए उनकी निजता का सम्मान करना बेहद जरूरी है।

जज ने यह भी स्पष्ट किया कि अदालत मीडिया को रिपोर्टिंग से नहीं रोक रही, लेकिन खबरों में ऐसे किसी भी विवरण से बचना चाहिए जिससे पीड़िता या उसके परिवार की पहचान उजागर हो सके। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अब तक जो जानकारी सार्वजनिक हुई है, उसे आगे साझा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।

दरअसल सुनवाई के दौरान पीड़ित परिवार और आरोपी पक्ष दोनों के वकीलों ने मीडिया रिपोर्टिंग पर चिंता जाहिर की थी।

राहुल मीणा को 7 दिन की न्यायिक हिरासत

अदालत ने इस मामले में मुख्य आरोपी राहुल मीणा (23) को सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राहुल पहले पीड़ित परिवार के यहां घरेलू सहायक था। उस पर यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही आईआरएस अधिकारी की बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप है।

पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। होटल के रजिस्टर जब्त कर लिए गए हैं, आरोपी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है और जिस ई-रिक्शा का उसने इस्तेमाल किया, उसकी पहचान भी कर ली गई है। साथ ही, आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई टैक्सी की भी तलाश जारी है।

हत्या के बाद होटल में छिपा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, राहुल मीणा एम्बुलेंस के रूप में इस्तेमाल हो रही एक गाड़ी से पीड़िता के घर के पास पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह पीड़िता का मोबाइल लेकर फरार हो गया और द्वारका के एक होटल में चेक-इन किया, जहां से बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

फॉरेंसिक जांच जारी, अहम सबूत जुटाए जा रहे- पुलिस

मामले की जांच में केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) की टीम भी जुटी हुई है। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत कई अहम सैंपल इकट्ठा किए हैं, जिनकी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

राहुल बोला- पैसों के लिए किया...

पिछली सुनवाई में आरोपी राहुल मीणा ने अदालत में दावा किया था कि उसने यह अपराध पैसों के लिए किया। हालांकि, अदालत ने इस बयान को अपराध-स्वीकृति (Confession) नहीं माना है और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
28 Apr 2026 08:27 am
Published on:
28 Apr 2026 08:20 am