मुंबई

उसे भूल जा… समझाने के बाद भी नहीं माना युवक, विवाहिता से अवैध रिश्ते ने ले ली जान

Maharashtra Crime: मृतक युवक के एक शादीशुदा महिला के साथ पिछले कुछ सालों से अवैध संबंध थे। इस हत्याकांड के बाद जलगांव में हड़कंप मच गया है।
2 min read
Dec 16, 2025
Love crime Maharashtra
विवाहिता से रिश्ते के चलते युवक की बेरहमी से हत्या (AI Image)

महाराष्ट्र के जलगांव जिले (Jalgaon News) से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अवैध संबंधों के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना जलगांव शहर से सटे निमखेडी शिवार में हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में साफ हो गया है कि यह हत्या विवाहिता से नाजायज संबंधों के विवाद के चलते हुई है।

इश्क, धमकी और कत्ल...

मृतक युवक की पहचान सागर साहेबराव सोनवने के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सागर के पिछले कुछ वर्षों से इलाके की एक विवाहित महिला के साथ अवैध संबंध थे। इस रिश्ते को लेकर गांव में पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। इसी बात को लेकर अनिल उर्फ शेट्टी ननवरे और संदीप बाविस्कर ने सागर को कई बार धमकाया भी था। आरोपियों ने सागर को कई बार चेतावनी दी थी कि वह महिला से दूरी बना ले, उसे भूल जाये, नहीं तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा।

रविवार की शाम को भी इसी बात पर उनमें तीखी बहस हुई और सागर को जान से मारने की धमकी दी गई। लेकिन सागर ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। रात करीब 10 बजे आरोपियों ने उसे इलाके के राम मंदिर परिसर में मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही सागर वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर लोहे के रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

उसके सिर पर बार-बार वार किए। उसका सिर पूरी तरह कुचल गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ हालत में सागर को सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस जघन्य घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

इस हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अवैध संबंध किस हद तक खतरनाक साबित हो सकते हैं। अनैतिक संबंध न केवल परिवारों को तबाह करते हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित होते हैं।

Updated on:
16 Dec 2025 02:28 pm
Published on:
16 Dec 2025 02:28 pm