मुंबई

महाराष्ट्र में धार्मिक जुलूस में घुसा बेकाबू कंटेनर, 10 श्रद्धालुओं को रौंदा, मची चीख-पुकार

Maharashtra Accident: महाराष्ट्र में एक अनियंत्रित कंटेनर ने धार्मिक यात्रा पर निकले कम से कम 10 लोगों को टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुछ श्रद्धालुओं के मारे जाने की खबर है।
2 min read
Nov 11, 2025
Pune Accident Maharashtra
धार्मिक जुलूस में घुसा कंटेनर (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र के पुणे (Pune Kamshet Ghat Accident) में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने अनियंत्रित होकर एक धार्मिक जुलूस में चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक श्रद्धालु (Pune Warkari Dindi Accident) की मौत हो गई और कम से कम आठ अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि कार्तिकी एकादशी के चलते पवित्र वारी (तीर्थयात्रा) निकाली गई थी, इस दौरान कंटेनर ने कई वारकरियों (भक्तों) को कुचल दिया। मंगलवार को पुराने मुंबई-पुणे महामार्ग के कामशेत घाट में ऊपर से उतर रहे एक कंटेनर के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। जिससे कंटेनर श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। इस भीषण टक्कर में एक वारकरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, भक्तों का समूह उरण से पुणे के आलंदी जा रहा था। जैसे ही दिंडी (जुलूस) पुणे के कामशेत घाट के पास पहुंची, तभी कंटेनर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे श्रद्धालुओं के बीच जा घुसा। कुछ ही पलों में भक्ति और श्रद्धा का यह सफर मातम में बदल गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने तुरंत बचावकार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जुलूस (दिंडी) रायगढ़ जिले के उरण से आलंदी के कार्तिक तीर्थयात्रा (वारी) के लिए रवाना हुआ था। जिसमें अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में वारकरी (भक्त) शामिल हुए थे।

बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर तीन साल पहले भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जब बोलेरो गाड़ी की चपेट में कई वारकरी आ गए थे। तब सुरक्षा को लेकर प्रशासन से मांग उठी थी, लेकिन कुछ समय के इंतजाम के बाद फिर लापरवाही लौट आई। इस वजह से लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

Updated on:
11 Nov 2025 12:10 pm
Published on:
11 Nov 2025 10:58 am