Maharashtra MLC Election Update : महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों पर 12 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। आज शाम नतीजे घोषित किए जाएंगे।
Maharashtra Vidhan Parishad Election 2024 : महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों पर आज (12 जुलाई) सुबह 9 बजे से मतदान हो रहा है। शाम 4 बजे तक मतदान होगा और फिर शाम 5 बजे के बाद वोटों की गिनती शुरू होगी। यानी आज ही एमएलसी चुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में महाराष्ट्र विधानसभा के विधायक मतदान कर विधान परिषद में अपना प्रतिनिधि चुनेंगे।
विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। बड़े दलों ने अपने मतों को टूटने से बचाने की पुरजोर कोशिश की है। इसके लिए पिछले कुछ दिनों से विधायकों को शहर के विभिन्न आलीशान होटलों में ठहराया गया। इसके बावजूद अगर क्रॉस वोटिंग हुई तो चौंकाने वाले नतीजे आ सकते हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 विधायक है। इसमें से 274 विधायक मतदान कर सकेंगे। 288 सदस्यीय सदन में 14 रिक्तियां हैं।
बीजेपी: 103
शिंदे सेना: 37
राष्ट्रवादी (अजित पवार): 39
छोटे दल: 9
निर्दलीय: 13
कुल- 201
कांग्रेस: 37
ठाकरे गुट: 15
राष्ट्रवादी (शरद पवार): 13
शेकाप: 1
निर्दलीय: 1
कुल- 67
AIMIM: 2
सपा: 2
माकपा: 1
क्रां.शे.प.: 1
महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव के लिए बीजेपी ने 5 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। बीजेपी ने पंकजा मुंडे, परिणय फुके, अमित गोरखे, योगेश टिलेकर, सदाभाऊ खोत को उम्मीदवार बनाया है। वहीँ एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने पूर्व सांसद भावना गवली, कृपाल तुमान को मौका दिया है। वहीँ, एनसीपी अजित पवार गुट से राजेश विटेकर, शिवाजी गरजे मैदान में हैं।
वहीँ, विपक्षी खेमें से कांग्रेस ने प्रज्ञा सातव को प्रत्याशी बनाया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना से मिलिंद नार्वेकर, एनसीपी शरद पवार गुट ने शेकाप से जयंत पाटिल को समर्थन दिया है। एमएलसी चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवारों को 23 प्रथम वरीयता वोट प्राप्त करने की जरुरत है।
बीजेपी के सबसे ज्यादा 5 उम्मीदवार मैदान में हैं. इन्हें जीतने के लिए बीजेपी को 115 वोटों की जरूरत होगी। बीजेपी के संख्या बल को देखते हुए तीन वोट कम पड़ रहे है। शिंदे सेना के दो उम्मीदवार मैदान में हैं।
उनके पास 39 अपने विधायक और 10 निर्दलीय विधायक हैं। इसलिए शिंदे की शिवसेना के उम्मीदवारों का जीतना तय है। जबकि अजित पवार गुट के पास 39 एनसीपी विधायक हैं। दोनों की जीत के लिए 7 और वोटों की जरूरत होगी। कहा जा रहा है कि अजित दादा के उम्मीदवारों की नैया कुछ निर्दलियों, छोटे दलों और कांग्रेस के 3 क्रॉस वोटों से पार होगी।
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के पास 15 अपने विधायक हैं। इसके अलावा एक निर्दलीय विधायक का समर्थन भी प्राप्त हैं. इसलिए उन्हें 7 और वोटों की जरूरत होगी। शेकाप के जयंत पाटिल शरद पवार गुट के समर्थन से एमएलसी चुनाव लड़ रहे हैं। वरिष्ठ पवार के पास 15 विधायक हैं। जबकि जयंत पाटिल की पार्टी के एक विधायक का समर्थन भी मिलेगा। ऐसे में उनके पास 16 वोट हैं और उन्हें भी जीत के लिए 7 और वोटों की दरकार है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में कांग्रेस के वोट सबसे महत्वपूर्ण और निर्णायक होंगे। कांग्रेस के पास 37 वोट हैं। पार्टी प्रत्याशी प्रज्ञा सातव को जीत के लिए प्रथम वरीयता के 23 वोटों की जरूरत होगी। इसके बाद पार्टी के पास 14 वोट बचे हैं। आज एमएलसी चुनाव का नतीजा इस बात पर निर्भर करेगा कि कांग्रेस के 14 वोट किसे मिलता है। शेकाप नेता और उम्मीदवार जयंत पाटिल ने दावा किया है कि कांग्रेस के 4 विधायक क्रॉस वोटिंग करेंगे क्योकि वे कांग्रेस के साथ दिल और मन से नहीं हैं।