
Maharashtra Vidhan Parishad Election 2024 : महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों के लिए बीजेपी की ओर से पांच नामों की घोषणा की गई है। इसमें पंकजा मुंडे (Pankaja Munde), योगेश टिलेकर, परिणय फुके, अमित गोरखे और सदाभाऊ खोत का नाम शामिल है। 11 विधान परिषद सीटों के लिए 12 जुलाई को मतदान होगा। उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटें 27 जुलाई को खाली हो रही हैं। इसलिए राज्य विधानमंडल के ऊपरी सदन की इन सभी 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 12 जुलाई को होंगे। इसमें केवल विधायक ही मतदान करेंगे। विधानसभा सदस्यों (विधायकों) द्वारा चुने गए एमएलसी का कार्यकाल छह साल का होता है।
बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव पंकजा मुंडे 2019 में राज्य विधानसभा चुनाव हार गई थीं और हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में बीड से एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के बजरंग सोनवणे ने उन्हें हराया। पंकजा मुंडे बीजेपी के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं। एनसीपी नेता व राज्य सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे उनके चचेरे भाई हैं। वह फडणवीस की अगुवाई वाली सरकार में मंत्री भी बनी थीं।
अन्य उम्मीदवारों में टिलेकर पुणे से हैं, खोत सांगली से हैं और गोरखे पिंपरी चिंचवड से बीजेपी के पदाधिकारी हैं और मातंग समुदाय से आते हैं, जो राज्य के पिछड़े वर्गों में से एक है। फुके नागपुर से हैं और बीजेपी नेता एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाते हैं।
राज्य विधानसभा में मौजूदा संख्या को देखे तो बीजेपी के 5 उम्मीदवार, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 2 उम्मीदवार, अजित पवार की एनसीपी के 2 उम्मीदवार और महाविकास अघाडी के 2 उम्मीदवार जीत सकते हैं।
बीजेपी के पास सबसे ज्यादा 103 विधायक हैं, फिर अजित पवार की एनसीपी के पास 41 विधायक और शिंदे की शिवसेना के पास 40 विधायक है। वहीं विपक्षी खेमे में सबसे ज्यादा कांग्रेस के पास 37, शिवसेना (उद्धव गुट) के पास 13 और एनसीपी (शरद पवार) के पास 15 विधायक हैं।
Published on:
01 Jul 2024 10:07 pm

