मुंबई

महाराष्ट्र: सरकारी नौकरी के लालच में पत्नी बनी कातिल, 1 लाख की सुपारी देकर शिक्षक पति को मरवाया

Maharashtra Crime News: पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पत्नी का दावा है कि उसका पति शराब का आदी था और उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
2 min read
May 06, 2026
Businessman Tortured and Killed Kolhapur
महाराष्ट्र में पत्नी ने सुपारी देकर करवाई शिक्षक पति की हत्या (AI Image)

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भद्रावती तालुका के घोडपेठ इलाके में एक शिक्षक की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक की पत्नी ने ही एक लाख रुपये की सुपारी देकर अपने पति की हत्या करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, 2 मई को घोडपेठ के कर्मवीर स्कूल के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतक की पहचान गढ़चिरौली निवासी रविंद्र कुलमेथे (46) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि पत्नी ने ही अपने ही पति की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी पत्नी का नाम दीपमाला कुलमेथे है। इसके अलावा वर्षा परचाके, सोनू उर्फ प्रवीण कालोकर और नाजिर अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पहले लगा सामान्य मौत, जांच में सामने आया खौफनाक सच

पुलिस को शुरुआत में यह मामला सामान्य मौत का लगा था। लेकिन जब भद्रावती पुलिस और स्थानीय क्राइम ब्रांच ने गहराई से जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं और आखिरकार पत्नी द्वारा रची गई पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

जांच में सामने आया कि पत्नी दीपमाला ने ही अपने पति की हत्या करवाने के लिए अन्य आरोपियों को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। जिसके बाद दीपमाला और वर्षा को वरोरा से गिरफ्तार किया गया, जबकि सोनू उर्फ प्रवीण और अंसारी को नागपुर से पकड़ा गया। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

कार में गला दबाकर की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, 1 मई को आरोपी रविंद्र को कार में बैठाकर घोडपेठ के सुनसान इलाके में ले गए। वहां कार के अंदर ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को घटनास्थल पर फेंककर आरोपी फरार हो गए।

पति की सरकारी नौकरी हथियाने की योजना

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पत्नी ने पूरी साजिश इस मकसद से रची थी कि पति की मौत के बाद उसे उसकी सरकारी नौकरी मिल जाए।

दरअसल रविंद्र कुलमेथे जिला परिषद स्कूल में शिक्षक थे। हालांकि पुलिस के मुताबिक, वह पिछले डेढ़ साल से स्कूल नहीं जा रहे थे।

शराब की लत और घरेलू विवाद से परेशान थी- पत्नी

पुलिस ने बताया कि मृतक रविंद्र को शराब की लत थी और वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। आरोपी पत्नी ने पूछताछ में कहा कि वह लंबे समय से पति के अत्याचारों को सह रही थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Updated on:
06 May 2026 01:05 pm
Published on:
06 May 2026 12:54 pm