
महाराष्ट्र में महिला शिक्षिका लापता (Photo: X/IANS)
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के वैभववाडी तालुका से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सोनाली चव्हाणवाडी स्थित जिला परिषद स्कूल में कार्यरत 34 वर्षीय विवाहित शिक्षिका पूजा अनिल पोवार रहस्यमयी तरीके से लापता हो गईं है। 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर उनके स्कूल में झंडा फहराने का कार्यक्रम था, जहां से वह वापस घर नहीं लौटीं। जब कोई सुराग नहीं मिला तो उनके पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मिली जानकारी के अनुसार, पूजा पोवार 1 मई की सुबह रोज की तरह स्कूल पहुंची थीं, जहां ध्वजारोहण कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह स्कूल से निकलीं, लेकिन घर नहीं पहुंचीं।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 2 मई को उनके पति अनिल पोवार ने वैभववाडी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पोवार परिवार मूल रूप से कोल्हापुर जिले के कागल तालुका के सिद्धनेर्ली का रहने वाला है।
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। शिक्षिका का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है। वैभववाडी पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो पता चला कि एक अन्य संबंधित व्यक्ति का मोबाइल भी स्विच ऑफ है, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह मामला किसी अनहोनी से जुड़ा है या इसके पीछे कोई और वजह है।
लापता शिक्षिका एक 8 साल के बच्चे की मां हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, लापता पूजा का 8 साल का बेटा अपनी मां के घर न लौटने से व्याकुल है। वह हर वक्त अपनी मां की वापसी की राह देख रहा है।
इस मामले की जांच वैभववाडी पुलिस कर रही है। वैभववाडी पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक सोनालकर के नेतृत्व में टीम शिक्षिका की तलाश में जुटी है। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द शिक्षिका का पता लगाया जा सके। पुलिस ने महिला की फोटो जारी कर लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
Updated on:
05 May 2026 05:28 pm
Published on:
05 May 2026 05:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
