6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जज अमन शर्मा के आत्महत्या वाले दिन क्या हुआ था? पूरे मामले में आया नया मोड़

Judge Aman Sharma Suicide Case: दिल्ली में जज अमन कुमार शर्मा ने कथित खुदकुशी से एक रात पहले अपने पिता को फोन किया था। तब उन्होंने रोते हुए कहा था, पापा मैं बहुत तनाव में हूं, मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिससे मामला बेहद संवेदनशील हो गया है।

3 min read
Google source verification
Judge Aman Sharma wife Swati Malik

जज अमन शर्मा आत्महत्या मामले में पत्नी पर गंभीर आरोप (Patrika Photo)

दिल्ली में तैनात 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा की आत्महत्या के मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार ने आरोप लगाया है कि अमन लंबे समय से अपने वैवाहिक जीवन को लेकर तनाव में था। पत्नी से घरेलू विवाद के चलते ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है। आरोप है कि जिस समय अमन ने खुदकुशी की, उस समय पत्नी स्वाति मलिक (Swati Malik) घर पर ही मौजूद थी। लेकिन पति को रोकने के बजाय बच्चों के साथ घर से चली गई। तब तक अमन के पिता भी पहुंच चुके थे। फिलहाल, परिवार की शिकायत पर दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, अमन शर्मा मूल रूप से राजस्थान के खैरथल-तिजारा क्षेत्र के मुंडाना गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार फिलहाल अलवर शहर के हसन खान मेवात नगर में रहता है। अमन दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव पद पर तैनात थे, जबकि उनकी पत्नी स्वाति भी दिल्ली में न्यायिक अधिकारी हैं। दंपति दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में सरकारी आवास में रहते थे और उनके दो बच्चे हैं।

बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, पत्नी बच्चों को लेकर गई

परिवार के मुताबिक, 2 मई को अमन कुमार शर्मा ने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय उनकी पत्नी भी घर में मौजूद थीं।

अमन के पिता और अधिवक्ता प्रेम कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि जब उनकी बहू बच्चों को लेकर घर से निकल रही थी, तब उन्होंने अमन के बारे में पूछा। इस पर बहू ने कहा कि उसे नहीं पता कि अमन कहां हैं। दोबारा पूछने पर भी उसने वही जवाब दिया और बच्चों को लेकर घर से चली गई।

परिवार का आरोप है कि घर के बाहर उनकी आईएएस (IAS) बहन निधि मलिक कार में इंतजार कर रही थी और दोनों वहां से निकल गए।

फोन बाथरूम के अंदर बजता रहा

प्रेम शर्मा के अनुसार, बहू का फोन बाद में स्विच ऑफ हो गया, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर जाकर अमन को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

जब उन्होंने अमन के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन की घंटी बाथरूम के अंदर से सुनाई दी। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर घरेलू सहायक को बुलाया गया। फिर बाथरूम के दरवाजे के ऊपर लगे शीशे को तोड़ा गया। तब पता चला कि अमन फंदे से लटका हुआ है।

‘मैं जिंदगी से तंग आ चुका हूं’

अमन के चचेरे भाई ने बताया कि घटना के एक दिन पहले 1 मई की रात करीब 10 बजे अमन ने अपने पिता को फोन किया था। उन्होंने कहा था कि वह बहुत तनाव में है और जिंदगी से परेशान हो चुका हैं, उसने तुरंत पिता को दिल्ली आने को कहा था।

बेटे की बात सुनकर प्रेम शर्मा घबरा गए और तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वह रात करीब 1 बजे दिल्ली पहुंच गए। अगले दिन सुबह परिवार में बातचीत हुई, लेकिन विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अमन की पत्नी ने अपने ससुर से घर से चले जाने को कहा और पुलिस बुलाने की धमकी दी।

परिवार का कहना है कि अमन अपने पिता का अपमान सहन नहीं कर पाए और इसके बाद उन्होंने बाथरूम में जाकर आत्महत्या कर ली।

शिकायत में IAS बहन और IPS जीजा का भी जिक्र

परिवार ने अमन की आईएएस साली पर पति-पत्नी में विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि उनकी साली जम्मू-कश्मीर कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं, जबकि उनके पति आईपीएस (IPS) अधिकारी हैं।

पत्नी की प्रताड़ना से परेशान था बेटा- पिता

अमन के पिता प्रेम कुमार शर्मा ने दिल्ली पुलिस में शिकायत देकर कहा है कि उनके बेटे ने पत्नी व उसके घर वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पत्नी-बच्चे अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे

पोस्टमार्टम के बाद परिवार अमन शर्मा का शव दिल्ली से अलवर ले आया, जहां रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में न तो अमन की पत्नी आई थी और न ही ससुराल पक्ष का कोई रिश्तेदार। पिता ने रोते हुए बेटे को मुखाग्नि दी।

बता दें कि अमन के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें से एक की उम्र एक साल से कम है। शर्मा ने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल (SLS) से बीए-एलएलबी की डिग्री ली थी और 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए। उसी साल उन्होंने अपनी बैचमेट स्वाति मलिक से प्रेम विवाह किया था। फिलहाल अमन की पत्नी बच्चों के साथ कहां हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।