भाजपा 12 जिला परिषदों में से आठ पर जीत के करीब है, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना 3 और एनसीपी (अजित पवार) एक जिला परिषद में जीत रही है। हालांकि कई जगहों पर मतगणना अभी चल रही है।
महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों की मतगणना सुबह 10 बजे से चल रही है। अब तक के परिणामों और रुझानों से यह स्पष्ट है कि सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी महायुति सहयोगी शिवसेना (एकनाथ शिंदे) एकतरफा जीत की ओर बढ़ रही हैं। जबकि विपक्षी खेमे का सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) को सभी जिला परिषदों में सत्ता से दूर रहना पड़ेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र की 12 जिला परिषदों में से भाजपा 8 में जीत के बेहद करीब है। मतगणना के शुरुआती दौर से ही भाजपा ने अपनी बढ़त बनाए रखी, जिसे विपक्षी दल भेदने में नाकाम रहे। भाजपा की इस बड़ी जीत ने यह साबित कर दिया है कि राज्य के शहरी इलाकों की तरह ही ग्रामीण इलाकों में भी पार्टी का आधार अन्य दलों से अधिक मजबूत है।
एकनाथ शिंदे की शिवसेना भी 3 जिला परिषदों में जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) ने एक जिला परिषद पुणे में अपनी सत्ता बरकरार रखी है। इस तरह महायुति गठबंधन के तीनों दलों ने 12 जिला परिषदों पर कब्जा कर विपक्ष को करारी शिकस्त दी है। हालांकि, राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) द्वारा आधिकारिक अंतिम आंकड़ों की घोषणा का अभी इंतजार किया जा रहा है। कई सीटों पर अभी भी वोटों की गिनती जारी है।
ताजा रुझानों और अब तक घोषित नतीजों के अनुसार, भाजपा सिंधुदुर्ग, सोलापुर, सतारा, सांगली, छत्रपति संभाजीनगर, धाराशिव, परभणी और लातूर में जीत रही है। दूसरी ओर कांग्रेस, उद्धव गुट और शरद पवार गुट किसी भी जिला परिषद में बहुमत हासिल करने या अपनी सत्ता स्थापित करने की स्थिति में नजर नहीं आ रहे हैं।
12 जिला परिषद चुनाव के रुझानों की बात करें तो कुल 731 सीटों में से अब तक 487 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। इनमें भाजपा सबसे आगे चल रही है और 158 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसके बाद शिंदे की शिवसेना 102 सीटों पर, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) 42 सीटों पर, कांग्रेस 65 सीटों पर आगे है। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) 90 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) 12 सीटों पर आगे चल रही है। अन्य दलों को 18 सीटों पर बढ़त मिली है।
वहीं, 125 पंचायत समितियों के चुनाव के रुझानों में कुल 1,462 सीटों में से 813 सीटों के रुझान घोषित हो चुके हैं। पंचायत समिति स्तर पर भी मुकाबला कड़ा नजर आ रहा है। यहां बीजेपी 220 सीटों पर आगे है, जबकि शिवसेना 191 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) 78 सीटों पर, कांग्रेस 102 सीटों पर और एनसीपी (अजित पवार गुट) 172 सीटों पर आगे चल रही है। एनसीपी (शरद पवार गुट) को 27 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि अन्य दल 23 सीटों पर आगे हैं।
इन रुझानों से साफ है कि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में मुकाबला भाजपा गठबंधन के पक्ष में है, हालांकि अंतिम नतीजों के साथ तस्वीर और स्पष्ट होगी।
गौरतलब हो कि महाराष्ट्र में शनिवार को 12 जिला परिषदों- रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर के 731 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। इसके अलावा इनके अधिकार क्षेत्र में आने वाली 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीट के लिए भी मतदान हुआ। जिला परिषद चुनावों में कुल 2,624 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति चुनावों में 4,814 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन चुनावों में 68.28 प्रतिशत मतदान हुआ था।