मुंबई

मुंबई के म्यूजिक कॉन्सर्ट में हुई 28 साल के लॉ स्टूडेंट की मौत, महिला भी हॉस्पिटल में भर्ती

Mumbai Concert Tragedy: मुंबई के वर्ली में NSCI Dome में म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान 28 साल के लॉ स्टूडेंट ऋषभ गांगुर्डे की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं एक महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
2 min read
Jun 07, 2026
Mumbai Concert Death
प्रतीकात्मक तस्वीर

Mumbai Concert Death: मुंबई के वर्ली में एनएससीआई डोम में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान 28 साल के युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान माहिम निवासी और लॉ के छात्र ऋषभ गांगुर्डे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पूरे आयोजन की सुरक्षा और फेसिलिटीज को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

ज्यादा शराब पीना पड़ा भारी

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कॉन्सर्ट में काफी भीड़ थी और माहौल काफी भीड़-भाड़ वाला था। इसी बीच ऋषभ गांगुर्डे ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। शुरुआती जानकारी के अनुसार उन्होंने कार्यक्रम के दौरान शराब पी थी, जिसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। वहां मौजूद लोगों और आयोजकों ने तुरंत उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल उनकी मौत की असली वजह क्या थी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

महिला की भी बिगड़ी तबीयत

इसी कॉन्सर्ट में मौजूद एक महिला की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार उसने भी कार्यक्रम के दौरान शराब पी थी। हालत खराब होने पर उसे तुरंत जसलोक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। राहत की बात यह है कि अब उसकी तबीयत पहले से काफी बेहतर बताई जा रही है और डॉक्टरों के अनुसार वह खतरे से बाहर है। जल्दी ही उसे अस्पताल से छुट्टी भी मिल सकती है।

पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही ताड़देव पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच जांच में जुट गई। अधिकारियों ने कॉन्सर्ट वाली जगह और अस्पतालों में जाकर जानकारी जुटाई। साथ ही जांच में ड्रग्स के एंगल से भूी इस मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल जांच में ड्रग्स से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है, लेकिन पुलिस मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।अधिकारियों का कहना है कि सभी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

पुराने कॉन्सर्ट हादसे से भी जोड़े जा रहे हैं तार

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ महीने पहले गोरेगांव में हुए एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के बाद दो छात्रों की मौत का मामला भी काफी चर्चा में रहा था। उस मामले में ड्रग्स ओवरडोज की आशंका जताई गई थी और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या दोनों घटनाओं में कोई संबंध है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक वर्ली मामले में ड्रग्स से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है।

Updated on:
07 Jun 2026 04:00 pm
Published on:
07 Jun 2026 03:14 pm