7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी और साले ने रची खौफनाक साजिश! इंजीनियर को कार से दो बार कुचकर उतारा मौत के घाट

महाराष्ट्र के सातारा जिले के कराड शहर में सरकारी इंजीनियर लक्ष्मण मंडले की कार से कुचलकर हत्या कर दी थी। शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा समझा जा रहा था, लेकिन अब यह एक सोची-समझी हत्या थी। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 07, 2026

Maharashtra Engineer Laxman Mandle Murder Case

सरकारी इंजीनियर की मौत हादसा नहीं हत्या थी, पत्नी और साले ने रची थी खौफनाक साजिश (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड तालुका में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुरुआती जांच में सड़क दुर्घटना लग रही एक घटना अब एक सुनियोजित हत्या साबित हुई है। ठाणे जिले के शहापुर में मृदा एवं जल संरक्षण विभाग में कार्यरत इंजीनियर लक्ष्मण मंडले की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की साजिश उनकी पत्नी और साले ने मिलकर रची थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुबह-सुबह कार से कुचलकर की गई हत्या

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण मंडले मूल रूप से कराड तालुका के मनव गांव के निवासी थे और विभिन्न स्थानों पर सरकारी इंजीनियर के रूप में कार्य कर चुके थे। शनिवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे कराड शहर के यशवंतराव चव्हाण हॉल के सामने वे मौजूद थे, तभी एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, कार चालक ने केवल टक्कर ही नहीं मारी, बल्कि मंडले के ऊपर दो बार वाहन चढ़ाया। इसके बाद आरोपी उनकी बैग लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में लक्ष्मण मंडले की मौके पर ही मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज

घटना के बाद चालक के बैग लेकर फरार हो जाने से यह सवाल उठने लगे थे कि यह साधारण सड़क हादसा है या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कराड शहर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। फुटेज में दिखाई दिया कि वाहन चालक ने बेहद निर्ममता से मंडले को निशाना बनाया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई।

12 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

कराड शहर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सुरेखा मंडले और उनके भाई संग्राम को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद था। इसके चलते लक्ष्मण मंडले की पत्नी सुरेखा मंडले (36) और साले संग्राम चव्हाण (उम्र 40) ने दो लोगों को सुपारी दी थी। दोनों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। उधर, फरार वाहन चालक की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, साजिश की योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पूरे इलाके में मचा हड़कंप

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने कराड और शहापुर दोनों क्षेत्रों में खलबली मचा दी है। जिस तरह से एक सरकारी इंजीनियर को सरेआम कार से कुचलकर मौत के घाट उतारा गया, उसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, पत्नी और साले की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद मामला और भी चौंकाने वाला बन गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े अन्य खुलासे सामने आ सकते हैं।