Vande Bharat Express Accident: मुंबई से गोवा की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की भैंसों के झुंड से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि एक भैंस उछलकर रेलवे के ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) के खंभे से जा टकराई, जिससे ओवरहेड वायर (बिजली के तार) टूटकर पटरियों पर गिर गए।
मुंबई (CSMT) से गोवा के मडगांव जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express Train Accident) सिंधुदुर्ग स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकरा गई। यह हादसा कोंकण रेलवे मार्ग पर सोमवार दोपहर में तब हुआ, जब सिंधुदुर्ग और कुडाल रेलवे स्टेशन के बीच पटरी पर आई चार भैंसों को वंदे भारत एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के चलते कोंकण रेलवे मार्ग पर करीब तीन घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह ठप रहा। हादसे का सबसे बड़ा असर भराडी देवी मेले के यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें लंबे समय तक ट्रेनों में फंसे रहना पड़ा।
कोंकण रेलवे के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से मडगांव जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार सुबह 5.30 बजे रवाना हुई थी। करीब 11.30 बजे सिंधुदुर्ग और कुडाल के बीच ओरोस स्टेशन के पास अचानक भैंसों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। लोको पायलट ने लगातार हॉर्न दिया, लेकिन भैंसें ट्रैक से नहीं हटीं और ट्रेन उनसे टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि एक भैंस उछलकर ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर के खंभे से जा टकराई। इसके कारण ओएचई का खंभा झुक गया और ओवरहेड वायर पटरी पर गिर पड़ा। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और सुरक्षा कारणों से पूरे सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। हादसे में चारों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ओएचई की बिजली आपूर्ति बंद कर आपातकालीन ब्लॉक लिया गया और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। पटरी से भैंसों को हटाने के बाद झुके हुए खंभे को सीधा किया गया और ओवरहेड वायर को दोबारा अपनी जगह लगाया गया।
कोंकण रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील नारकर ने बताया कि ट्रैक, खंभे और ओएचई की पूरी जांच के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे मार्ग को सुरक्षित घोषित किया गया। फिर क्रमबद्ध तरीके से रेल यातायात को बहाल किया गया। इस दुर्घटना से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस हादसे का असर कई ट्रेनों पर पड़ा। मांडवी एक्सप्रेस करीब साढ़े तीन घंटे तक रुकी रही। इसके अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, मांडवी, मरुसागर, सीएसएमटी-जनशताब्दी, एलटीटी-दुरंतो और मंगला एक्सप्रेस जैसी कई प्रमुख ट्रेनें भी भारी देरी से चलीं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और स्टेशन परिसरों में भारी भीड़ देखने को मिली।