मुंबई

मैट्रिमोनियल साइट पर प्यार का झांसा: नागपुर में महिला से दुष्कर्म के बाद 14.8 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Online Matrimonial Fraud: महाराष्ट्र के नागपुर में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई जान-पहचान एक महिला के लिए दर्दनाक साबित हुई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म किया और 14.8 लाख रुपए की ठगी भी कर ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी राघवेंद्र किशोर अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
May 31, 2026
Matrimonial Website Fraud
AI द्वारा बनाया प्रतीकात्मक फोटो

Matrimonial Website Fraud: देश में ज्यादातर लोग अपने पसंदीदा जीवनसाथी की तलाश के लिए मैट्रिमोनियल वेबसाइटों का सहारा लेते हैं, लेकिन अब कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जो इन वेबसाइटों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। दरअसल, ताजा मामला महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आया है, जहां एक महिला के साथ वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया और फिर उससे 14.8 लाख रुपए की ठगी भी की गई। वहीं, इस मामले में नागपुर पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी राघवेंद्र किशोर अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया है।

तलाकशुदा बताकर जाल में फंसाया, पहली पत्नी थी जिंदा

आपको बता दें कि पुलिस में दर्ज कराई गई FIR के मुताबिक, पीड़ित 31 साल की महिला की मुलाकात आरोपी राघवेंद्र से एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर हुई थी। आरोपी ने महिला को अपने जाल में फंसाने के लिए झूठ का सहारा लिया। उसने खुद को तलाकशुदा बताया और दावा किया कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। हालांकि, बाद में खुलासा हुआ कि आरोपी की पहली पत्नी न सिर्फ जिंदा है, बल्कि वह महिला से लगातार झूठ बोल रहा था।

जिम खोलने के नाम पर ऐंठे 14.8 लाख रुपए

शादी का झांसा देकर आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका शोषण किया। यही नहीं, राघवेंद्र ने अलग-अलग मौकों पर नया जिम बिजनेस शुरू करने और उसमें पूंजी लगाने के बहाने महिला से पैसों की मांग की। भरोसे में आकर पीड़ित महिला ने उसे कुल 14.8 लाख रुपये सौंप दिए।

परिजनों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि इस पूरी धोखाधड़ी और साजिश में राघवेंद्र के परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी बराबर के भागीदार थे, जिन्होंने उसे गुमराह करने में आरोपी का साथ दिया। पैसे ऐंठने के बाद जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो उसे न केवल मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया बल्कि उसके साथ मारपीट (शारीरिक उत्पीड़न) भी की गई। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच की जा रही है और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है।

Updated on:
31 May 2026 04:34 pm
Published on:
31 May 2026 04:34 pm