मुंबई

‘दुर्घटनास्थल पर न जाएं’; अजित दादा पर NCP नेता की विवादित टिप्पणी से बवाल, सुनेत्रा पवार ने पार्टी से निकाला

NCP Ajit Pawar: बारामती से एनसीपी के नगरसेवक (पार्षद) किशोर मासाल ने एक कथित वायरल ऑडियो क्लिप में पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजित पवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद पार्टी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।

2 min read
Jun 09, 2026
Sunetra Pawar Ajit Pawar successor
सुनेत्रा पवार और अजित पवार (Photo: ANI)

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के बारामती से नगरसेवक किशोर मासाल ने दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को लेकर कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की। जिसका ऑडियो क्लिप वायरल हो गया है। इस ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद पार्टी नेतृत्व ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली एनसीपी से किशोर मासाल को बाहर कर दिया गया है।

अब पुलिस ने भी एनसीपी (अजित पवार) नेता किशोर मासाल को उस स्थान पर जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, जहां अजित पवार का विमान हादसे का शिकार हुआ था। इस पूरे घटनाक्रम ने खासकर पुणे जिले के बारामती में सियासी हड़कंप मचा दिया है।

विवाद के बाद मांगी माफी, पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर जाने से रोका

विवाद के तूल पकड़ने और चौतरफा घिरने के बाद किशोर मासाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर माफी मांगी थी और कहा कि यह सब भूलवश हुआ। इसके बाद उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर घोषणा की थी कि वे प्रायश्चित करने के लिए उस जगह जाएंगे जहां अजित पवार का विमान क्रैश हुआ था और वहां एक दिन का उपवास करेंगे। लेकिन कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बारामती तालुका पुलिस ने उन्हें दुर्घटनास्थल पर जाने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया।

क्या था विवादित बयान?

जानकारी के अनुसार, एक महिला पदाधिकारी के साथ बातचीत के दौरान एनसीपी पार्षद किशोर मासाल ने कथित तौर पर अजित पवार के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बातचीत के दौरान उन्होंने अजित दादा का बेअदबी से उल्लेख किया और कहा कि उनके निधन से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। साथ ही एक और महिला नेता के संबंध में भी विवादित टिप्पणी की। इसका ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। हालांकि, वायरल ऑडियो की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किशोर मासाल को पार्टी से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी वरिष्ठ नेता के खिलाफ अपमानजनक भाषा या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रोहित पवार पर लगाए गंभीर आरोप

माफी मांगने के बाद किशोर मासाल ने दावा किया कि इस पूरे विवाद के पीछे एनसीपी शरद गुट के विधायक रोहित पवार का हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा है और इसे जानबूझकर उनके खिलाफ इस्तेमाल किया गया। यह पूरा खेल रोहित पवार द्वारा रचा गया है। हालांकि, पवार की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बता दें कि 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई पट्टी के पास हुए विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली और बाद में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।

Updated on:
09 Jun 2026 05:26 pm
Published on:
09 Jun 2026 05:20 pm